सेना, पारा मिलिट्री और सीबीआई के पूर्व अधिकारी से नई तकनीकों का ज्ञान प्राप्त करेगी बिहार पुलिस



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार पुलिस के सभी अनट्रेंड सिपाहियों को प्रशिक्षण देने के साथ एएसआइ से इंस्पेक्टर तक के पदाधिकारियों के क्षमता संवर्धन के लिए इसी माह से प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। महिला सुरक्षा और भूमि विवाद को लेकर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण आलोक राज ने बताया कि अवर सहायक निरीक्षक (एएसआइ) से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक के पदाधिकारियों को नई तकनीक और नए कानूनों से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सीबीआइ के रिटायर्ड अधिकारी, पुलिस अकादमी के अनुभवी पदाधिकारियों, पारा मिलिट्री फोर्स और सेना के रिटायर्ड कर्मचारियों की मदद लेने की योजना है। इसी माह महिला सुरक्षा और भूमि विवाद के मामलों को लेकर भी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। 28 जनवरी को एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट में भूमि विवाद का प्रशिक्षण शुरू होगा। बारी-बारी से अलग-अलग बैच में पुलिसकर्मियों को तीन-तीन दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण ने बताया कि महिला सुरक्षा पर पुलिस का विशेष ध्यान है। ऐसे में जरूरी है कि पुलिस पदाधिकारी नए महिला कानूनों से परिचित हों। इसके अलावा महिलाओं के साथ हुए अत्याचार मामले में जांच का तरीका कैसा हो, इसका प्रशिक्षण भी बारीकी से दिया जाएगा। किसी घटना के बाद कैसे साक्ष्य जमा करने हैं, केस डायरी कैसे तैयार करनी है, यह सारी जानकारी पुलिसकर्मियों को दी जाएगी।

आपराधिक मामलों के अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को फॉरेंसिक जांच का भी प्रशिक्षण देने की योजना है। इसके अलावा साइबर फ्रॉड की रोकथाम और जांच को लेकर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एएसआइ से लेकर इंस्पेक्टर तक के पदाधिकारियों को इनडोर के अलावा आउटडोर ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इसके अंतर्गत फायरिंग, फिजिकल फिटनेस के साथ तनाव दूर करने के लिए योग आदि भी कराया जाएगा। आउटडोर ट्रेनिंग के लिए नए प्रशिक्षक भी रखे जाएंगे। बिहार पुलिस के आंतरिक स्रोत यानी जिला इकाई और बीएमपी के अच्छे प्रशिक्षकों को भी बतौर ट्रेनर शामिल किया जाएगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News