--अभिजीत पाण्डेय
पटना - बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज।
इतिहास में पहली बार बिहार में बीजेपी से कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। सम्राट चौधरी भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के साथ ही कर्पूरी ठाकुर के बाद दूसरे ऐसे शख्स हैं जो उप-मुख्यमंत्री भी रहे और मुख्यमंत्री भी बने।
सम्राट चौधरी बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। कर्पूरी ठाकुर अकेले ऐसे व्यक्ति रहे, जो पहले उप-मुख्यमंत्री बने और उसके बाद मुख्यमंत्री भी बने।
सम्राट चौधरी 56 साल बाद उस 'रिकॉर्ड' को भी तोड़ा, जिसमें कोई भी उप-मुख्यमंत्री कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाया। 56 साल पहले यानी साल 1970 में कर्पूरी ठाकुर एक मात्र ऐसे व्यक्ति थे, जो पहले उप-मुख्यमंत्री रहे और फिर मुख्यमंत्री भी बने। कर्पूरी ठाकुर 1967 में उप-मुख्यमंत्री बने 1970 में पहली बार मुख्यमंत्री बने। वह दूसरी बार 1977 में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।
सम्राट चौधरी दो बार उप-मुख्यमंत्री के पद पर काबिज हुए। पहली बार 28 जनवरी 2024 को वह डिप्टी सीएम बने, जबकि दूसरी बार विधानसभा चुनाव के बाद 20 नवंबर 2025 में उप-मुख्यमंत्री बने। अब बिहार मे भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने।
डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह बिहार के पहले उप-मुख्यमंत्री थे, लेकिन कभी भी मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। इसके बाद भी कई नेता डिप्टी सीएम बने लेकिन सीएम पद तक नहीं पहुंच पाए। हालिया वर्षों की बात करें तो सुशील कुमार मोदी, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, तेजस्वी यादव और विजय कुमार सिन्हा उप-मुख्यमंत्री जरूर बने, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं बन पाए।
सम्राट चौधरी का राजनीति सफर साल 1990 से शुरू हुआ था। पहली बार 1999 में राबड़ी देवी की सरकार में कृषि मंत्री बने थे। किसी भी सदन के सदस्य नहीं होने और उम्र कम होने के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। 2014 में नीतीश सरकार में शहरी विकास और आवास मंत्री के रूप में शपथ ली। 2021 में पंचायती राज मंत्री और फिर 2024 में एनडीए सरकार में डिप्टी सीएम बने। अब बिहार के नये मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करेंगे।