राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के दीक्षान्त समारोह में 237 छात्रों को डिप्लोमा प्रदान किया गया



नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद सिंह पटेल ने सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के दीक्षान्त समारोह में 237 छात्रों को डिप्लोमा प्रदान किया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ने वर्ष 2010 और 2019 के बीच एनएसडी में तीन साल का पाठ्यक्रम पूरा करने वाले देश भर के 237 छात्रों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री पटेल ने सभी छात्रों को बधाई दी और एनएसडी के छात्र के रूप में डिप्लोमा ग्रहण करने के लिये उन्हें सौभाग्यशाली करार दिया। उन्होंने कहा कि एनएसडी का अध्ययन और अनुभव आने वाले दिनों में इन छात्रों को निश्चित रूप से केवल अच्छा कलाकार बनने में ही नहीं, बल्कि बेहतर इंसान बनने में भी सहायता करेगा। श्री पटेल ने कहा कि यदि ये छात्र आज खुद पर गौर करेंगे तो इस संस्थान की बदौलत वे खुद को बदला हुआ व्यक्तित्व पायेंगे।

एनएसडी से नाट्य कला का पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए डिप्लोमा ग्रहण करने के लिए कुल 222 छात्र उपस्थित थे। एनएसडी दुनिया में नाट्य कला प्रशिक्षण का प्रमुख संस्थान है, जिसे हाल ही में अमेरिका की सीईओ वर्ल्ड पत्रिका ने विश्व के सर्वोत्तम फिल्म स्कूलों में से 14वां दर्जा प्रदान किया है।

इस अवसर पर एनएसडी के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर कंबार, रंगमंच की जानी-मानी हस्ती और एनएसडी के पूर्व निदेशक रतन थियाम और संस्कृति मंत्रालय में संयुक्त सचिव निरूपमा कोतरू भी उपस्थित थे। एनएसडी सोसाइटी के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ• अर्जुन देव चारण और प्रभारी निदेशक, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, प्रो• सुरेश शर्मा, संकाय और कार्यालय के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद थे। अभिमंच सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ• अर्जुन देव चारण और प्रो• सुरेश शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के प्रभारी निदेशक प्रो• सुरेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा, ’60 वर्षों के समृद्ध इतिहास के साथ राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय भारतीय और विश्व रंगमंच के बड़े नामों में से एक है। मुझे यह कहते हुए बेहद गर्व और विश्वास महसूस होता है कि भारत में ललित कला के क्षेत्र में मौजूद आधे से अधिक लोगों के इस प्रतिष्ठित संस्थान के साथ संबंध रहे हैं। रंगमंच कर्मी हमारे संस्थान की ओर अपेक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं के साथ देखते हैं, इससे थियेटर के प्रति हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हमारे स्नातक उन महत्वाकांक्षाओं को अपने हुनर और विश्वास के साथ पूरा कर रहे हैं और मुझे यकीन है कि भविष्य में उनके कार्य हमें और ज्यादा गौरवान्वित करेंगे।’

एनएसडी सोसाइटी के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ• अर्जुन देव चारण ने कहा, ‘ये दीक्षान्त समारोह रंगमंच के क्षेत्र में आपकी व्यवसायिक विशेषज्ञता की स्वीकारोक्ति है। जाने वाले छात्रों के लिए मेरी शुभकामनाएं।’

■ राष्‍ट्रीय नाट्य विद्यालय के बारे में

1959 में स्थापित राष्‍ट्रीय नाट्य विद्यालय भारत में अपनी तरह का एकमात्र संस्‍थान है और यह संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पूरी तरह वित्तपोषित एक स्वायत्त संगठन है। दुनिया के अग्रणी रंगमंच प्रशिक्षण संस्थानों में से एक एनएसडी की स्‍थापना संगीत नाटक अकादमी के तत्वाधान में हुई थी और 1975 में यह पूरी तरह स्वतंत्र इकाई बन गया। यह संस्थान सिद्धांतों के व्यवहारिक कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान केन्द्रित करते हुए रंगमंच के प्रत्येक पहलू में तीन साल के पूर्णकालिक, आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की पेशकश करता है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News