नई दिल्ली,
जम्मू कश्मीर,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● जम्मू कश्मीर से हटी धारा 370 तो समूचे भारतवर्ष में खुशी की लहर
गृहमंत्री अमित शाह ने आज धारा 370 को हटाने और जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन का संकल्प राज्यसभा में पेश किया। इसे राष्ट्रपति ने भी मंजूरी दे दी है। यानी मोदी सरकार ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटा दिया है। अब जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश हो गया है जिसकी विधानसभा होगी। वहीं लद्दाख भी बिना विधानसभा का केंद्र शासित प्रदेश होगा।
ये फैसला आते ही कश्मीरी पंडितों के अलावा समूचे भारतवर्ष में हर जगह खुशी की लहर है। लोग एक दूसरे को मिठाईयां खिला रहे हैं। खुशियां मनाते लोगों की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इस ऐतिहासिक फैसले के आते ही लोगों के साथ साथ राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं।
जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटने पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं को मुम्बई की बसों को रोक कर मिठाई बांटते देखा गया। साथ ही कई लोगों ने सड़कों के किनारे पटाखे भी जलाकर जश्न मनाया। कई लोगों ने ढोल बजाकर और झूमकर खुशियों का इज़हार किया।