सीआरपीएफ ने 81वां संस्थापना दिवस मनाया



नई दिल्ली/हैदराबाद, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

सीआरपीएफ ने अपने 81वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पुलिस मेमोरियल, नई दिल्ली में शनिवार 27 जुलाई को उन लोगों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने उन सभी बहादुर सैनिकों के सम्मान में स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की, जिन्होंने मातृभूमि के सम्मान के लिए अपना बलिदान दिया है।

मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करते हुए श्री राय ने वीरता और बल के जवानों द्वारा आहुति देने की समृद्ध परंपरा पर बल दिया। बल की अदम्य भावना को व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि सीआरपीएफ देश के लिए जीता है और देश के लिए शहीद हो जाता है। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि सीआरपीएफ राष्ट्र विरोधी तत्वों – चाहे वे जम्मू-कश्मीर के आतंकवादी हों, उत्तर-पूर्व के विद्रोही हों या फिर माओवादी – पर कड़ी कार्रवाई करने से पहले उन लोगों के दिलों को जीतने और उन्हें मुख्य धारा में लाने के प्रयास में कोई कसर नहीं छोड़ती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर आतंकवाद के संकट से मुक्त हो जाएगा।

श्री राय ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में सीआरपीएफ की भूमिका की सराहना की जिसने देश के लोकतांत्रिक संस्करण को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि पूरा देश सीआरपीएफ कर्मियों द्वारा प्रदर्शित सेवा, वीरता, बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के गुणों पर गर्व महसूस करता है। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने के भविष्य के अपने सभी प्रयासों में सेना को सफलता प्राप्त होगी।

श्री राय ने कार्यक्रम स्थल से रवाना होने से पूर्व राष्ट्रीय पुलिस स्मारक के परिसर में संग्रहालय का भी दौरा किया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के महानिदेशक राजीव राय भटनागर और कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी उपस्थित थे। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में देश के प्रत्येक हिस्से में फैले सभी बल संरचनाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इंडिया गेट पर एक और स्मारक समारोह का आयोजन हुआ जिसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मुख्य रहें। एक घंटे से अधिक समय तक चलने वाले इस समारोह में सीआरपीएफ म्यूजिक बैंड डिस्प्ले, फोर्स की महिला डेयरडेविल्स द्वारा मोटर साइकिल प्रदर्शन और अहमदाबाद से रैपिड एक्शन फोर्स साइकिल अभियान को झंडी दिखाई गई।

● सरकार आंतरिक सुरक्षा समस्याओं को दृढ़ता के साथ सुलझाने के लिए दृढ़ संकल्पित है : जी• किशन रेड्डी

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी• किशन रेड्डी ने सीआरपीएफ के 81वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर हैदराबाद में सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर, चन्द्रयान गुट्टा में केंद्र सरकार के रुख को स्पष्ट किया कि सभी प्रकार की आंतरिक सुरक्षा समस्याओं का दृढ़ता के साथ समाधान किया जाएगा।

मंत्री ने नक्सलियों द्वारा की जाने वाली हिंसा को नियंत्रित करने में सीआरपीएफ की भूमिका की सराहना करते हुए संतोष जताया कि इस मुद्दे पर कड़े रुख के कारण पिछले पांच वर्षों में माओवादी हिंसा में काफी हद तक कमी आई है। उन्होंने देश भर में फैली विभिन्न चुनौतियों, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर और उत्तर पूर्वी राज्यों में आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने में सीआरपीएफ की भूमिका की भी प्रशंसा की।

श्री रेड्डी ने यह भी कहा कि सरकार सैनिकों को सभी प्रकार के तकनीकी गैजेट, आधुनिक हथियार प्रदान करेगी और सीआरपीएफ से संबंधित सभी कल्याणकारी मुद्दों पर भी ध्यान देगी। उन्होंने 2019 के आम चुनाव के सफल आयोजन में अधिकारियों और सहयोगियों को उनके पेशेवर रुख के लिए भी बधाई दी।

संस्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सीआरपीएफ ने हैदराबाद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। श्री रेड्डी ने देश भर में ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ के जवानों द्वारा किए गए बलिदानों को याद करते हुए हैदराबाद के सीपी अंजनी कुमार और दक्षिणी सेक्टर के आईजीपी एम• आर• नाइक और बल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहीद स्मारक पर पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर पुलवामा हमले में 40 शहीदों के प्रतीकात्मक सम्मान के रूप में 40 किस्मों के पौधे लगाए गए। सीआरपीएफ के 81वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री द्वारा एक रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया गया जिसमें सीआरपीएफ के 81 कर्मियों ने रक्तदान किया।

श्री रेड्डी ने सेक्टर ट्रेनिंग नोड का भी दौरा किया और विभिन्न पेशेवर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत सैनिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रदर्शनों को देखा। सैनिकों ने नक्सल क्षेत्रों में नक्सल ठिकानों पर छापेमारी के परिदृश्यों का चित्रण प्रस्तुत किया और इसके बाद अराजकता विरोधी अभियानों में प्रयुक्त किए जाने वाले आधुनिक हथियारों और उपकरणों का प्रदर्शन किया और साथ ही, शारीरिक फिटनेस प्रशिक्षण कार्यक्रम पर भी एक प्रस्तुति दी।

रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा भीड़ हटाने और भीड़ नियंत्रण पर प्रस्तुत एक अन्य प्रदर्शन ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाद में मंत्री ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश राज्यों में तैनात बल के विभिन्न परिचालन और प्रशासनिक मुद्दों पर सीआरपीएफ के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।

श्री रेड्डी ने जवानों और अधिकारियों और उनके परिवारों के साथ भी परस्पर बातचीत की।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News