--हरेंद्र शुक्ला,
वाराणसी - उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से माताओं, बच्चों को प्रदूषण से बचाव का प्रयास, आशा, एनम व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए क्लाइमेट एजेंडा ने जारी की प्रशिक्षण पुस्तिका
काशी विद्यापीठ ब्लाक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में क्लाइमेट एजेंडा द्वारा उत्तर प्रदेश के अग्रणी स्वास्थ्य कर्मियों के बीच वायु प्रदूषण जागरूकता अभियान का आगाज किया गया। अभियान के इस उद्घाटन कार्यक्रम में शहर के सात स्वास्थ्य उपकेंद्रों से जुड़ी एनम कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया और एक प्रशिक्षण पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर वाराणसी में आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एवं काशी विद्यापीठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ आर के सिंह और क्लाइमेट एजेंडा की निदेशक एकता शेखर मौजूद रहे।
आज के प्रशिक्षण सत्र में काशी विद्यापीठ ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ आर के सिंह ने क्लाइमेट एजेंडा द्वारा जारी प्रशिक्षण पुस्तिका का विमोचन किया। सभी सम्बंधित उपकेंद्रों की स्वास्थय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ सिंह ने कहा: जन स्वास्थ्य के विरूद्ध वायु प्रदूषण एक उभरती हुई चुनौती है। इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए ऐसे कार्यक्रम और अभियान निसंदेह लाभकारी साबित होंगे। प्रशिक्षण पुस्तिका एवं ऐसे ही प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से अगर हम सभी स्वास्थ्य कर्मियों तक यह सन्देश पहुंचा सकें, तो निश्चय ही पहले से घोषित वैश्विक विकास लक्ष्य संख्या तीन को हासिल करना आसान हो जाएगा, जिसके अंतर्गत जन स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने का वादा किया गया है। अभियान को शुभकामना देते हुए डॉ सिंह ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा और जन स्वास्थ्य आपस में जुड़े हुए हैं।
● मसले हैं जिन पर साथ मिल कर अधिक से अधिक काम करने की जरुरत है
अभियान के बारे में संस्था की निदेशक एकता शेखर ने बताया: “वायु प्रदूषण का मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाला नुकसानदेह असर अब जग जाहिर है। इससे बचाव के तौर तरीकों को सामान्य व्यवहार में शामिल करा कर ही एक बेहतर और स्वस्थ भविष्य की कल्पना की जा सकती है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत मात्रि मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को लगातार कम करने की दिशा में प्रयास जारी है, जिसमें फ्रंट लाइन स्वास्थ्य कर्मियों की बेहद शानदार भूमिका है। इन फ्रंट लाइन स्वास्थ्य कर्मियों की देश के लाखों करोड़ों घरों तक सीधी पहुँच से इस प्रयास को वह मुकाम मिल सकता है जहां से हम अगली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत की कल्पना को साकार होते देख सकते हैं।
इस अवसर पर माधोपुर पीएचसी से डॉ आलोक प्रकाश, लोहता पीएचसी से डॉ उमेश सिंह, काशी विद्यापीठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉ निधि पाण्डेय, कैन्टोमेंट से डॉ मधु पाण्डेय, डॉ ए पी सिंह, क्लाइमेट एजेंडा से इज्मत अंसारी, आशुतोष श्रीवास्तव, ब्रिजेश पटेल समेत बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।