नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ राष्ट्रपति ने क्रिसमस पर बधाई दी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोगों को क्रिसमस पर बधाई दी है। अपने शुभकामना संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, खुशी के त्यौहार क्रिसमस पर, मैं भारत और विदेश में रहने वाले लोगों, खासतौर से अपने ईसाई भाईयों और बहनों को शुभकामनाएं देता हूँ।
हम ईसा मसीह का जन्म मनाते हैं जिनका जीवन मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा, जिनका जीवन हमें प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश देता है। आज जब दुनिया संघर्ष, नफरत और हिंसा से उत्पीड़ित है, उनके विचारों और कर्मों में जख्मों को भरने और रास्ता दिखाने की ताकत है।
आइए आज हम उनके दिखाए रास्ते पर चलें और अधिक दयालु और समतावादी समाज का निर्माण करें।
■ उप-राष्ट्रपति ने क्रिसमस पर बधाई दी
उप-राष्ट्रपति एम• वेंकैया नायडू ने लोगों को क्रिसमस पर बधाई दी है। अपने शुभकामना संदेश में उप-राष्ट्रपति ने कहा कि ईसा-मसीह सच्चाई, प्रेम और आशा का प्रतीक थे और ईसा-मसीह ने मानवता को उसकी त्रुटियों और कमियों के साथ गले लगाया और उनसे बिना शर्त प्रेम किया।
श्री नायडू ने लोगों से आग्रह किया कि वे उन मूल्यों को संजोएं जिनके ईसा-मसीह प्रतीक थे। “उन्होंने कहा कि हम उन लोगों के प्रति अधिक सहानुभूति बरतें, जो हमारे मुकाबले कम भाग्यशाली हैं। आइए हम शांति, सहिष्णुता और सौहार्द की मजबूत नींव पर बेहतर विश्व का निर्माण करने के लिए अपना संपूर्ण योगदान दें।”
■ प्रधानमंत्री ने क्रिसमस के अवसर पर राष्ट्र को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रिसमस के अवसर पर राष्ट्र को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा, “क्रिसमस की बधाई! हम असीम प्रसन्नता के साथ यीशू मसीह के नेक विचारों का स्मरण करते हैं। उन्होंने सेवा और करूणा की भावना को साकार किया, मानव पीड़ा को कम करने की दिशा में अपने जीवन को समर्पित कर दिया। उनके उपदेश दुनियाभर में लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं।”