नई दिल्ली/हैदराबाद, 27 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
ऑल इंडिया मजलिसे-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी के अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संविधान को नहीं समझते हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल में भी गौ रक्षा के नाम पर मॉब लिंचिंग जारी रहेगी। टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए असदउद्दीन ओवैसी ने भाजपा पर मॉब लिंचिंग केस के आरोपियों को प्राथमिकता देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मानते हैं कि अल्पसंख्यक डर के साए में जी रहे हैं तो प्रधानमंत्री को ये भी जानना चाहिए कि जिन लोगों ने अखलाक की हत्या कि वो उनकी मुख्य बैठक में सबसे आगे की सीट पर बैठे हैं। ओवैसी ने ये भी कहा कि भाजपा सरकार की वापसी के बाद से मुसलमानों में डर और भी बढ़ गया है।
शनिवार को एनडीए के सांसदों को संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिए गए बयान पर ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संविधान को नमन किया। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि जीवन का अधिकार इंसानों के लिए है न कि जानवरों के लिए। अगर प्रधानमंत्री इस बुनियादी चीज को समझते हैं कि जीने का अधिकार इंसानों के लिए है तो मुझे यकीन है कि डर दूर हो जाएगा।