नई दिल्ली, 25 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
एनडीए संसदीय दल के नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। संसदीय दल की बैठक के बाद करीब साढ़े आठ बजे नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंचे और राष्ट्रपति से मुलाकात की।
राष्ट्रपति को एनडीए के 353 सांसदों का समर्थन पत्र देते हुए नरेन्द्र मोदी ने केंद्र में सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने उन्हें देश की नई सरकार बनाने का न्योता दिया। राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एनडीए की मीटिंग हुई। आप सभी जानते हैं कि एनडीए के सभी सांसदों और सभी राजनैतिक दलों ने समर्वसम्मति से नेता चुनकरके मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं एनडीए के सभी साथियों को धन्यवाद देता हूं। एनडीए के सभी साथियों ने राष्ट्रपति को इस बात की जानकारी दी है। राष्ट्रपति ने मुझे नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री पद का प्रमाणपत्र दिया है। मैं बहुत जल्द राष्ट्रपति के पास मंत्रिमंडल गठन से जुड़ी जानकारी पहुंचाऊंगा।
बता दें कि इससे पूर्व नरेन्द्र मोदी को भाजपा संसदीय दल और एनडीए का नेता चुना गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा जिसका सभी सांसदों ने समर्थन किया। अमित शाह, राजनाथ सिंह, लाल कृष्ण आडवाणी, प्रकाश सिंह बादल, मुरली मनोहर जोशी, उद्धव ठाकरे, नितिन गडकरी, रामविलास पासवान और नितिश कुमार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच पर बैठे थे। इसके अलावा एनडीए की तरफ से नरेन्द्र मोदी के नाम का प्रस्ताव प्रकाश सिंह बादल ने रखा जिसका समर्थन एनडीए के सभी शीर्ष नेताओं ने किया।