नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ एनएसआईसी द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन
सतर्कता जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम के एक अंग के रूप में, विजयेंद्र, सीएमडी, राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर "संगठनों के लिए ईमानदारी की शपथ” दिलाई। एनएसआईसी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के तहत एक संगठन है।
इस अवसर पर पी. उदयकुमार, निदेशक (पीएंडएम), गौरांग दीक्षित, निदेशक (वित्त), एनएसआईसी तथा राजन त्रेहन, सीवीओ, एनएसआईसी भी एनएसआईसी के अन्य कर्मचारियों के साथ उपस्थित थे। यह जागरूकता सप्ताह अभियान नागरिक भागीदारी के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने की एनएसआईसी की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। सभी कर्मचारियों को कोविड-19 रोकथाम के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने और आंतरिक (हाउसकीपिंग) गतिविधियों, जिन्हें इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंग के रूप में अभियान मोड में लिया जाना है, पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई है। एनएसआईसी 27 अक्टूबर से 2 नवंबर, 2020 के दौरान सतर्कता जागरूकता सप्ताह मना रहा है। इस सप्ताह का विषय “सतर्क भारत, समृद्ध भारत” है।