उम्मीदवारों की पूरी बॉयोग्राफी से अवगत हो सकेंगे बिहार के मतदाता



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार के मतदाता वोट डालने के पहले अपने उम्मीदवारों की पूरी बॉयोग्राफी से अवगत हो सकेंगे। विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग मतदाताओं को वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए प्रत्याशियों की व्यक्तिगत कुंडली खंगालने की सुविधा देने जा रहा है।

यह एप चुनाव आयोग के पोर्टल से लाइव डाटा अपडेट करता है। एप में राज्य के कुल 243 विधानसभा क्षेत्रों के हर एक प्रत्याशी का शपथ पत्र लोड रहेगा। एक क्लिक पर सारी सूचनाएं मतदाता के हाथ में होगी। फिलहाल निर्वाचन आयोग की ओर से मुहैया कराई जाने वाले एप के बाबत प्रचार-प्रसार में जुटा है। फिलहाल कोरोना के मद्देनजर आयोग कई अन्य सुविधाओं पर भी विचार कर रहा है।

इस बार का विधानसभा चुनाव कई मायनों में हाईटेक होगा। वोटर हेल्पलाइन एप पर आप उम्मीदवारों के हलफनामे को देख सकते हैं और उनके बारे में जान सकते हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड से लेकर माली हैसियत तक का ब्योरा मिलेगा। इसके अलावा चुनाव से संबंधित शिकायत दर्ज करने समेत कई तरह की जानकारियां इस एप से हासिल कर सकते हैं। इससे मतदान से लेकर नतीजों से संबंधित जानकारी भी मिल जाएगी। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News