बिहार में प्रत्येक दिन संक्रमितों में 1003 नये चेहरे हो रहे शामिल



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार में कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति दिन व दिन भयावह होती जा रही है। बीते एक हफ्ते से लगभग हर दिन एक हजार से अधिक मरीज मिले हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भी 1385 कोविड पॉजिटिव मरीज पाए गए। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 21558 हो गई है। सबसे बड़ी बात ये है कि पिछले कई दिनों से राजधानी पटना में कोरोना संक्रमितों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है। अब तक के एक दिन में मरीज मिलने का रिकॉर्ड पटना में टूट गया और एक साथ 378 नए कोरोना मरीज मिले। बता दें कि बीते 8 जुलाई से अब तक के आंकड़ों का औसत निकालें तो हर दिन 1003 नये मरीज सामने आ रहे हैं।

बिहार में बुधवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 20 हजार के पार कर गया है। राज्य में बढ़ते संक्रमण का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरूआती 10 हजार केस आने में 102 दिन लगे और अगले 10 हजार केस मात्र 14 दिनों में बढ़ गए। बिहार में कोरोना का पहला केस 21 मार्च को सामने आया था। मुंगेर के एक युवक की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बिहार में संक्रमितों का आंकड़ा 20173 पहुंच गया है। अच्छी बात ये है कि इनमें 13533 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

बिहार में एक जुलाई को संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंचा था। उस वक्त तक 73 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ा था, जबकि पिछले 14 दिनों में 84 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। आंकड़े बताते हैं कि राज्य में कोरोना से मौत का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। पिछले दो हफ्ते में औसतन हर दिन कोरोना से 6 मरीजों की जान गई है। हालांकि, कोरोना से जिन लोगों की मौत हुई है उनमें ज्यादातर मरीज दूसरे गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।

बिहार में धीरे-धीरे रिकवरी रेट बढ़ रहा था और 28 जून को यह 78.5 फीसदी तक पहुंच गया था। लेकिन, इसके बाद कोरोना मरीजों के मिलने की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ और इसकी तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम हो गई। इस वजह से रिकवरी रेट में धीरे-धीरे गिरावट होने लगी। 17 दिन में यह 11 फीसदी गिर गया। वर्तमान में राज्य का रिकवरी रेट 67% है। यह राष्ट्रीय औसत से चार फीसदी ज्यादा है।

बिहार में कोरोना सैंपल की जांच बढ़ने से संक्रमितों की संख्या में भी तेजी से इजाफा होने लगा। मंगलवार को पहली बार सैंपल जांच की संख्या 10 हजार पार कर गई। बुधवार को भी दस हजार से ज्यादा सैंपल की जांच हुई। शुरूआती दौर में महज 400-500 सैंपल की जांच हर दिन होती थी। सैंपल जांच बढ़ने के बाद कोरोनी मरीज भी तेजी से बढ़ने लगे। पिछले चार दिनों में ही 5134 नए मरीज मिले हैं।

बिहार में बुधवार तक 3 लाख 37 हजार 212 सैंपल की जांच हुई है और 20173 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके हिसाब से हर 16 में एक केस पॉजिटिव मिल रहा है। शुरूआती दौर में हर 50 केस में से एक केस पॉजिटिव मिल रहा था। पिछले 14 दिनों की बात करें तो इस दौरान 1 लाख 8 हजार 523 सैंपल की जांच हुई और 10 हजार से ज्यादा केस मिले। यानि हर 10 सैंपल में एक केस पॉजिटिव आ रहा है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News