'इस बार बदलो बिहार' के संकल्‍प के साथ तीसरा मोर्चा की जन संवाद यात्रा शुरू



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार में चुनावी मोड में अब तीसरा माेर्चा भी आ गया है। पटना में मानसूनी बारिश के बीच 'इस बार बदलो बिहार' के संकल्‍प के साथ तीसरा मोर्चा की जन संवाद यात्रा मंगलवार को राजधानी पटना से शुरू हो गई है। इसके पहले तीसरा मोर्चा में शामिल नेताओं ने यहां जेपी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जन संवाद यात्रा गया के लिए कूच कर गई है।

गया जाने के क्रम में जहानाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस और जन संवाद का कार्यक्रम है। जहानाबाद के बाद यशवंत सिन्हा का काफिला बोधगया, मदनपुर, सासाराम, भभुआ, बक्सर, भोजपुर, शाहपुर, छपरा, गोपालगंज, सीवान, मोतिहारी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर तक जायेगा।

बता दें कि यशवंत सिन्हा ने कुछ दिनों पूर्व पटना में एक कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे के गठन के संकेत दिये थें। पंद्रह दिनों से बिहार में कैंप कर रहे श्री सिन्हा ने जल्द ही नयी पार्टी के गठन करने की बात कही थी। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव, नागमणि, पूव मंत्री नरेंद्र सिंह व पूर्व सांसद डाॅ• अरुण कुमार के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हम सभी बिहार के बदलाव के लिए चुनाव मैदान में पूरी मजबूती से उतरेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के रहते हुए बिहार का विकास संभव नहीं है। इस सरकार को हटाना ‘बेहतर बिहार, बदलो बिहार’ अभियान का पहला कदम होगा।

थर्ड फ्रंट पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा था कि यह भविष्य तय करेगा कि हम थर्ड, दूसरा या फस्ट फ्रंट हैं। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए श्री सिन्हा ने कहा था कि हम चुनाव में उतरेंगे। लेकिन हम चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह आप सभी को बहुत जल्द पता लग जायेगा। उन्होंने हर सप्ताह मीडिया के समक्ष बिहार में क्यों विकास नहीं हुआ है, तथ्य के साथ रखने की बात कही। दूसरी पार्टियों से तालमेल के सवाल पर कहा कि हमारा उद्देश्य साफ है, जो हमारे साथ बिना शर्त के जुड़ेंगे, उनका हम सभी लोग स्वागत करेंगे और जो शर्त के साथ जुड़ना चाहेंगे, उनके बारे में हमें सोचना पड़ेगा।

जन संवाद यात्रा में यशवंत सिन्हा के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि, देवेंद्र प्रसाद यादव, बिहार के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह, रेणु कुशवाहा, पूर्व सांसद अरुण कुमार, सत्यानंद शर्मा सहित कई नेता शामिल हैं। नेताओं का यह काफिला 15 जुलाई तक बिहार के 20 जिलों में घूमेगी। यात्रा के दौरान सभाएं होंगी।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News