बिहार : 16 जिलों पर डेंगू का खतरा, सभी जिला के अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाने का निर्देश



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो)
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राज्य सरकार ने डेंगू प्रभावित 16 प्रमुख जिलों को चिन्हित कर सभी जिला के अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाने का निर्देश दिया है।

बिहार में मानसून के आने के साथ ही डेंगू का खतरा मंडराने लगा है। मानसून के कारण बिहार के कई जिलों में डेंगू महामारी का रूप ले लेती है। बारिश के कारण होने वाले जलजमाव से पैदा होने वाली बीमारियों में सबसे प्रमुख डेंगू है, जिससे हर साल कई जाने जाती है। इस मानसून में इसके फैलने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने सूबे के सभी जिलों में स्थित जिला और सदर अस्पताल में डेंगू वार्ड बनाने का आदेश जारी किया है।

स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी जिला अस्पतालों में डेंगू के मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया जाए। डेंगू के मरीजों के लिए 5-5 बेड की व्यवस्था मच्छरदानी सहित की जाएगी। इसके साथ ही जिला अस्पतालों में पैरासिटामोल और स्लाइन की उपलब्धता सुनिश्चित करायी गयी है। डेंगू के सामान्य मरीजों का इलाज इन्हीं से होता है। डेंगू के गंभीर मरीजों का इलाज राज्य के छः मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और आरएमआरआई, पटना, आईजीआइएमएस और एम्स पटना में किया जाएगा। इन अस्पतालों में डेंगू के जांच की भी सुविधा है।

डेंगू से बिहार के 16 जिले सबसे अधिक प्रभावित होते हैं जिसमें पटना सबसे अव्वल है।

जानकारी के अनुसार बिहार में पिछले वर्ष कुल 6667 डेंगू के मामले सामने आए थे। इनमें पटना में भारी जलजमाव के कारण सबसे अधिक 4905 मरीज पाए गए थे। अन्य जिलों में भी डेंगू के मरीज सामने आए थे। इस वर्ष अभी डेंगू का कोई मरीज सामने नहीं आया है।

विभाग ने डेंगू प्रभावित 16 प्रमुख जिलों को चिन्हित किया है जिनमें पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर, औरंगाबाद, भोजपुर, दरभंगा, जहानाबाद, नवादा, पूर्णिया, सारण, सीतामढ़ी, सीवान और मधुबनी शामिल हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News