बिहार मे एक लाख सैंपल में 5% पॉजिटिव व केवल .04% आबादी संक्रमित



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार में तेजी से पांव पसारते कोरोना के बीच राहत भरी खबर भी है। पिछले साढ़े तीन महीने में कोरोना के करीब पांच हजार मामले मिले हैं, पर राज्य की 12.50 करोड़ की आबादी में यह संख्या करीब .04 फीसद ही है। एक और गुड न्‍यूज यह है कि स्वास्थ्य विभाग ने सात मार्च से आठ जून के बीच जिन 1,02,318 संक्रमण के संदिग्‍धों के सैंपल की जांच की है, उनमें केवल 5.05 फीसद को ही कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह भी गौरतलब है कि संक्रमण के तीन महीने बाद भी राज्‍य में केवल ढ़ाई-तीन हजार जांच ही हो रही है और यहां रोजाना सौ से ढ़ाई सौ नए मामले मिल रहे हैं।

बिहार में कोरोना ने 22 मार्च को एक मौत के साथ एंट्री की थी। पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान में मुंगेर के एक युवक की मौत हुई थी। मौत के बाद उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर हड़कम्‍प मच गया था। इसके बाद संक्रमितों की संख्‍या धीरे-धीरे बढ़ती रही, लेकिन तीन मई से प्रवासी श्रमिकों के आने के साथ आंकड़े विस्‍फोटक हो गए। राज्‍य में सोमवार तक मिले कुल 5247 कोरोना संक्रमितों में आधे से अधिक प्रवासी श्रमिक ही हैं।

राज्‍य में अभी तक के आंकड़ों पर नजर डालेें तो सोमवार तक मिले 5247 मरीजों में 2542 स्‍वस्‍थ हो चुके हैं। यह संख्या कुल संक्रमितों की करीब-करीब आधी है। ताजा स्थिति पर नजर डालें तो सोमवार को भी मिले कुल मरीजों से अधिक स्‍वस्‍थ हुए। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह के अनुसार सोमवार को कोरोना के 105 नए मरीज मिले। जबकि, 24 घंटे में महामारी की चपेट में रहे 137 मरीज स्वस्थ भी हो गए। स्‍पष्‍ट है, नए मरीजों की तुलना में अधिक संख्‍या में लोग स्‍वस्‍थ हो रहे हैं।

संक्रमण के शिकार लोगों की मौत के मामलों में भी राज्‍य की स्थिति अन्‍य राज्‍यों की तुलना में ठीक है। राज्‍य में अब तक 32 लोगों की मौत हुई है, जिनमें अधिकांश विभिन्‍न गंभीर बीमारियों से ग्रस्‍त थे। कोरोना से मौत के मामले में बिहार देश में 14वें पायदान पर है।

जांच की गति तो बढ़ी है, पर इसे और बढ़ाने की जरूरत है। प्रति 10 लाख की आबादी पर आंकड़ों को देखें तो जांच के मामले में बिहार 13वें स्‍थान पर है। राज्‍य में 10 लाख की आबादी पर केवल 313 सैंपल की जांच की गई है। यह आंकड़ा पश्चिम बंगाल के 543, तेलंगाना के 518 तथा उत्‍तर प्रदेश के 601 जांच से पीछे है। प्रति 10 लाख की आबादी पर देखें देश में सर्वाधिक संक्रमित महाराष्‍ट्र में 1846 जांच हो रहे हैं। जबकि, दिल्‍ली में 5335 जांच हो रहे हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News