पटना में शीर चाय की चुस्की के बिना फीका पड़ रहा रमजान



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

लाकडाउन के कारण रमजान के महीने में इस वर्ष पटनावासियों को 'शीर चाय' की चुस्की से वंचित रहना पड़ा है।

रमजान के महीने में बिहार की राजधानी पटना के सब्जीबाग में हर शाम की रौनक में जो चीज चार चांद लगाती रही है, वह है शीर चाय की चुस्की। ये चाय अपने गुलाबी रंग की वजह से जानी जाती है और इसे पीने से रोजेदारों को फुर्ती आती है। ये चाय की दुकान केवल रमजान के मौके पर, शाम के इफ्तार के मौके पर खुलती है, जिसे पीने के लिए लोग दूर-दूर से सब्जीबाग की गली में आते हैं। लेकिन इस साल कोरोना संकट के दौर में लॉकडाउन के कारण यह मुमकिन नहीं हो सका। क्योंकि कहीं भी कोई भी बेवजह बाजार में नहीं आ सकता था। ऐसे में इस बार का रमजान पटना वासियों के लिए बहुत फीका फीका रहा है।

इस खास चाय की शुरुआत इसी शहर से हुई है। चुनिंदा टी स्टॉलों पर रमजान के महीने में ही यह चाय मिलती है। इसे बनाने में सात से आठ घंटे लगते हैं। कश्मीरी पत्ती और ड्राईफ्रूट से बनी इस चाय से रोजेदारों को ऊर्जा मिलती है।

1962 में पहली बार यह चाय बनी थी। अंजुमन इस्लामिया हाल के सामने वक्फ मार्केट में इसे गफ्फार उस्ताद ने बनाया था। 1972 तक सिर्फ वही इस चाय को बनाते थे। इसका शौक फरमाने वाले रोजेदार रोजा खोलने के बाद वहां जाकर इस चाय का लुत्फ उठाते थे। उनके इंतकाल के बाद उनके चार शागिर्द -मोहम्मद सदरू मियां, निजाम मियां, मोहम्मद पप्पू और मोहम्मद भोला इसे अलग-अलग जगहों पर बनाना शुरू किए। बाद में करीब 15 जगहों पर यह बनने लगी। अभी पटना में शीर चाय के करीब 50 स्टॉल हो गए हैं।

सब्जीबाग स्थिति डिंगडांग शीर चाय के मोहम्मद पप्पू और मोहम्मद इमरान ने बताया कि शीर चाय बनाने के लिए कश्मीरी पत्ती को पानी में तीन घंटे तक उबाला जाता है। फिर बिना छाने इसे लस्सी की तरह एक घंटे तक फेंटते हैं। इससे चाय का रंग गुलाबी हो जाता है। फिर इसे छानकर दोबारा चूल्हे पर चढ़ाया जाता है। जब लीकर खौलने लगता है तो इसमें काजू, कागजी बादाम, छुहारा, दालचीनी, पोस्तादाना, बड़ी इलाचयी, जाफरान, अखरोट का पेस्ट और दूध डाला जाता है। इसे तीन घंटे तक और पकाया जाता है। गाढ़ापन आने के बाद इसमें चीनी डालते हैं, और अंत में केवड़ा एसेंस डाला जाता है। इस तरह इसे बनाने में छह से सात घंटे का समय लगता है। इमरान ने बताया कि यह चाय रोजेदारों को बहुत ऊर्जा देती है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News