--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष और सह फिल्म सेंसर बोर्ड परामर्श दाती समिति भारत सरकार के पूर्व सदस्य ललन कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी पर 24524 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है।
ललन कुमार ने कहा कि सुशासन और दुशासन नितीश कुमार और सुशील मोदी की जोड़ी ने बेशर्मी की सभी हदें पार करते हुए जल जीवन हरियाली नाम की ऐसी योजना बनाई जिसका वास्तिवकता से कोई वास्ता ही नहीं है। सुशासन और दुशासन की जोड़ी ने इस योजना का पूरा रूपया गटक लिया और किसी को भनक भी नहीं लगने दी।
ललन कुमार ने कहा कि जहां योजना के नाम पर 2019-2022 के बीच 24524 करोड़ खर्च होने थे, बीते दो सालों में क्या काम हुआ वो जमीन पर किसी को दिखाई ही नहीं दे रहा है। बिना कोई काम कराए सब गोलमाल कर लिया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का दावा करने के बाद आज उपमुख्यमंत्री कह रहे हैं कि दूसरे राज्य में फसे लोगों को लाने के लिए सरकार के पास संसाधन नहीं है ये बेहद शर्मनाक है। ललन ने कहा कि योजना के अलावा मनरेगा के तहत पिछले दो सालों में एक करोड़ पौधे लगवाने का दावा करने वाले ये बताएं कि कितने पौधे कहां-कहां लगे हैं।