-अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बिहार में कोरोना संक्रमण की स्थिति गंभीर होती दिख रही है। आंकड़ा 378 तक पहुंच चुका है। हाल के दिनों में अचानक कोरोना के मामलों के मिलने में बड़ा उछाल आया है। बीते पांच दिनों के दौरान ही संक्रमण दोगुना से अधिक हो गया। बुधवार को अभी तक मिले सभी 12 मामले बक्सर के नया भोजपुर इलाके के हैं। कोरोना वायरस मरीजों की संख्या में तेजी से हो रहे इजाफा के मद्देनजर सरकार ने कोरोना से संक्रमित 28 जिलों में से 13 जिलों को रेड जोन घोषित कर दिया है।
बिहार के 28 जिलों में कोरोना का प्रसार हो चुका है। इनमें 13 जिले मुंगेर, पटना, नालंदा, सीवान, बक्सर, बेगूसराय, भागलपुर, गया, गोपालगंज, कैमूर, नवादा, रोहतास और सारण रेड जोन में हैंं। ये वैसे जिले हैं, जहां कोरोना संक्रमण के मामले बड़ी संख्या में मिले हैं। इसके अलावा बक्सर, गोपालगंज और कैमूर में भी लगातार नए मामले मिल रहे हैं।
कोरोना का प्रसार लगातार नए इलाकों में हो रहा है। हाल के कुछ दिनों में यह भोजपुर (9), औरंगाबाद (7), मधुबनी (5), पूर्वी चंपारण (5), अरवल (4), जहानाबाद (4), बांका (3), मधेपुरा (1), दरभंगा (1), पूर्णिया (1), अररिया (1), शेखपुरा (1) एवं सीतामढ़ी (1) में भी फैला है। इसके अलावा यह बेगूसराय (9), गया (6), भागलपुर (5), लखीसराय (4), नवादा (4) एवं सारण (4) में भी है।
वहीं, यलो जोन में - वैशाली, बांका, मधेपुरा, जहानाबाद, पूर्णिया और दरभंगा शामिल है। जानकारी के मुताबिक, प्रशासन ने इन जिलों को कोरोना मरीजों की संख्या के आधार पर बांटा है। जिन जिलों में अधिक संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं। उन्हें रेड जोन में रखा गया है। जबकि, उससे कम पॉजिटिव मरीजों वाले क्षेत्रों को ऑरेंज और सबसे कम वाले जिलों को यलो जोन में रखा गया है।
बिहार में कोरोना के सर्वाधिक 92 मामले मुंगेर में मिले हैं। 39 मामलों के साथ पटना दूसरे स्थान पर है। कोरोना संक्रमण में तीसरे स्थान पर 38 मामलों के साथ बक्सर तो चौथे स्थान पर 35 मामलों के साथ नालंदा है। रोहतास में 31, सिवान में 30 मामले मिले हैं। कोरोना प्रभावित अन्य जिलों में कैमूर (18) व गोपालगंज (18) में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इनमें सिवान को छोड़ दें तो लगातार नए मरीज मिले हैं।