नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
राष्ट्रपति भवन के बाद अब लोकसभा सचिवालय में कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, लोकसभा सचिवालय में कार्यरत एक कर्मचारी में कोरोना की पुष्टि हुई है। वह हाउस कीपिंग डिपार्टमेंट में काम करता है। फिलहाल, उसका इलाज राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में चल रहा है।
लोकसभा सचिवालय से पहले राष्ट्रपति भवन के कैंपस में कोरोना वायरस ने दस्तक दे दिया। कैंपस में रहने वाले एक कर्मचारी की रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव पाई गई। पीड़ित के परिवार समेत परिसर में रहने वाले 125 परिवारों को अनिवार्य रूप से सेल्फ आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई।
बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला और परिवार पिछले दिनों गांव में एक अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। पीड़ित महिला की मां का निधन हुआ था, जो कोरोना संक्रमित थी। उसके बाद से पीड़ित महिला में लक्षण दिखे और जांच में वो पॉजिटिव निकली। हालांकि, परिवार के बाकी सदस्यों का रिजल्ट निगेटिव आ गया है।