--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
देश में बिहार दूसरा ऐसा राज्य है जहां कोरोना पॉजिटिव के सर्वाधिक मरीज स्वस्थ्य हुए है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में अभी तक कुल 28 मरीज स्वस्थ हुए, जिनमें 27 मरीज घर गए तथा एक मरीज को स्वस्थ होने के बाद भी सरकारी क्वरांटाइन में रखा गया है। इस प्रकार से कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या राज्य में बढ़कर 28 हो गई है, जो कि कुल मरीजों का 43 फीसदी है, जो देश में सर्वाधिक दूसरा है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने सोमवार को कोरोना वायरस बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सहित आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने राज्य में कोरोना को लेकर विभिन्न स्तरों पर दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, खासकर ट्रेसिंग, स्क्रीनिंग, जांच, दवा एवं उपकारणों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। इस संदर्भ में कोई कमी ना रहे, इस हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सोमवार से एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में 13 सैंपल के साथ कोरोना की जांच शुरू हो गई है।
उन्होंने बताया कि समीक्षा के क्रम में यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सीवान, नवादा, बेगूसराय और नालंदा जिले में घर-घर स्क्रीनिंग का काम पूरा किया जाय।