नई दिल्ली, 06 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
अखिल भारतीय फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल को फीफा परिषद सदस्य के रूप में चुना गया है। 46 में से 38 वोट प्राप्त कर प्रफुल्ल पटेल इस प्रतिष्ठित पैनल में प्रवेश करने वाले पहले भारतीय बने। एआईएफएफ अध्यक्ष चुनाव में जगह पाने के लिए आठ उम्मीदवारों में से एक थे, जो 29वें एएफसी (एशियाई फुटबॉल परिसंघ) कांग्रेस के दौरान कुआलालम्पुर, मलेशिया में आयोजित किया गया था। प्रफुल्ल पटेल समेत पांच उम्मीदवारों को चुना गया जिसमें एशियाई फुटबॉल परिसंघ अध्यक्ष के अलावा एक महिला सदस्य भी (2019 से 2023 तक के लिए) हैं।
प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं। मैं एएफसी के उन सभी सदस्यों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे इस पद के लिए सक्षम समझा। फीफा परिषद सदस्य की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। मैं न सिर्फ अपने देश बल्कि पूरे महाद्वीप का प्रतिनिधित्व करूंगा। एशिया में फुटबॉल की तीव्र प्रगति के लिए आपके विश्वास के लिए आप सभी का धन्यवाद।