नई दिल्ली, 30 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
पिछले दिनों नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने राहुल गांधी की न्यूनतम आय योजना पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि यह मुमकिन नहीं लगता और कांग्रेस का पूरा नहीं किया जा सकने वाला चुनावी वादा है। इस पर चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा था। राजीव कुमार ने चुनाव आयोग में जवाब के लिए 5 अप्रैल तक समय देने की मांग की है, लेकिन चुनाव आयोग ने जवाब देने के लिए 2 अप्रैल तक का वक्त दिया है।
वहीं राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि सत्ता में लौटे तो नीति आयोग को खत्म कर देंगे। इस आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए मार्केटिंग प्रजेंटेशन बनाने और आंकड़ों में हेर-फेर करने के अलावा कोई भी काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हम नीति आयोग की जगह बेहद छोटा प्लानिंग कमिशन लेकर आएंगे। इस आयोग के सदस्य देश के बड़े अर्थशास्त्री और जानकार होंगे। इस आयोग में 100 से भी कम लोगों का स्टाफ होगा।