नई दिल्ली/आंध्र प्रदश, 14 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन• चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'झूठा चौकीदार' जिन्होंने केवल अपराधियों को सुरक्षा दी। नायडू की इस टिप्पणी पर भाजपा की तरफ से सख्त प्रतिक्रिया आयी है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि तेलगु देशम पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में हार के डर से गंदी राजनीति पर उतर आई है।
बुधवार शाम को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि आपके पास खुद को चौकीदार कहने का क्या अधिकार है? 2017 में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा सीबीआई को लिखे पत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसी ने प्रवर्तन निदेशालय के पत्र पर कार्रवाई नहीं की। इस पत्र में प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ नया मेमो दर्ज करने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि ऐसा केवल इसलिए हुआ क्योंकि प्रधानमंत्री ने जगनमोहन रेड्डी को बचाना चाहा।
तेलंगाना सरकार ने भी संदिग्ध तरीके से किए गए भूमि आवंटन को रद्द करने के लिए कदम नहीं उठाए। टीडीपी प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब मोदी, के• चंद्रशखेर राव और जगन मोहन रेड्डी के बीच सांठगांठ को दिखाता है। जगन मोहन रेड्डी ने केस से बचने के लिए पूरी तरह मोदी और केसीआर के आगे आत्मसमर्पण कर दिया है।