प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी के विरोध में लिलुआ में भाजपा का प्रदर्शन



लिलुआ - हावड़ा- पश्चिम बंगाल, इंडिया इनसाइड न्यूज।

●प्रकाश किला एवं मनोज सिंह के अगुवाई में निकला जुलूस, खड़गे का पुतला दहन कर की माफी की मांग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को हावड़ा जिले के लिलुआ क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। लिलुआ स्टेशन के निकट स्थित मतवाला चौरस्ता से विरोध जुलूस निकाला गया, जो जीटी रोड स्थित सिंहकाटा के समीप पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने खड़गे का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता प्रकाश किला एवं मनोज सिंह ने किया। जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान ‘खड़गे माफी मांगो’ और ‘मोदी जी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को बिहार के पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। भाजपा ने इस टिप्पणी को प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक बताते हुए कड़ा विरोध जताया है।

लिलुआ में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस अध्यक्ष से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की।

प्रकाश किला एवं मनोज सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुतला दहन और जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन संपन्न हुआ।

ताजा समाचार


जगत प्रवाह
Image Gallery
जगत विज़न

राष्ट्रीय समाचार



बात हिन्दुस्तान की