किरेन रिजिजू शंघाई सहयोग संगठन के न्याय मंत्रियों की आठवीं बैठक में भाग लेंगे



नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू 6 अगस्त, 2021 को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के न्याय मंत्रियों की आठवीं बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में उनके साथ विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रोफेसर एस. पी. सिंह बघेल भी शामिल होंगे।

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के न्याय मंत्रियों की आठवीं बैठक में सदस्य देश सहयोग के क्षेत्रों; इस महामारी में कोरोना वायरस से जुड़े कानूनों की भूमिका; राष्ट्रीय कानून के अनुरूप नागरिकों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने; भ्रष्टाचार का मुकाबला करने में (विधि एवं) न्याय मंत्रालयों की भूमिका और विधिक सेवाओं में सहयोग एवं सहायता के अन्य संबद्ध क्षेत्रों के बारे में आगे विचार-विमर्श करेंगे। एससीओ के सदस्य देशों के न्याय मंत्रियों के आठवें सत्र के बाद एक संयुक्त वक्तव्य पर हस्ताक्षर किए जायेंगे।

इस बैठक में भारत, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिज़ गणराज्य, पाकिस्तान, रूसी संघ, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान के विधि एवं न्याय मंत्री और विधि एवं न्याय मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी / विशेषज्ञ भाग लेंगे।

इस बैठक से पहले 4 और 5 अगस्त, 2021 को विशेषज्ञ कार्य समूह की दूसरी बैठक होगी, जिसमें विधिक मामलों एवं विधायी विभाग के सचिव अनूप कुमार मेंदीरत्ता और विधि एवं न्याय मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। शंघाई सहयोग संगठन देशों के न्याय मंत्रियों की आठवीं बैठक से जुड़ी विशेषज्ञ समूह तैयारी समिति की पहली बैठक का आयोजन 10-11 जून, 2021 को ताजिकिस्तान द्वारा किया गया था।

यह विशेषज्ञ कार्य समूह न्याय मंत्रियों की बैठक का एजेंडा और संयुक्त वक्तव्य तैयार करने सहित भ्रष्टाचार का मुकाबला करने से संबंधित अपने अनुभवों, पद्धतियों और भूमिका, (विधि एवं) न्याय मंत्रालयों द्वारा मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने एवं अन्य संबंधित गतिविधियों के बारे में चर्चा और विचारों का आदान - प्रदान करेगा।

दोनों बैठकें वर्चुअली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मोड के माध्यम से आयोजित की जायेंगी। ताजिकिस्तान इन बैठकों का मेजबान देश है और शंघाई सहयोग संगठन सचिवालय तीन दिनों के इस विचार-विमर्श के दौरान आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News