आतिशी सरकार शनिवार को लेगी शपथ, मुकेश अहलावत नए चेहरे होंगे



--राजीव रंजन नाग
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।

दिल्ली सरकार की प्रस्तावित मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत सात मंत्री शामिल होंगे। आप ने मुकेश अहलावत को दिल्ली कैबिनेट का नया चेहरा नियुक्त किया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने चार मंत्रियों को बरकरार रखा है जिनमें गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन हैं। दिल्ली सरकार के मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत सात सदस्य शामिल हैं जिसमें सातवें सदस्य की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है।

आप के मुकेश कुमार अहलावत ने 2020 में सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट 48,000 वोटों से जीती थी। उन्हें समाज कल्याण मंत्री राज कुमार आनंद के इस्तीफे से बनी रिक्ति को भरने के लिए शामिल किया गया है। नए मुख्यमंत्री और नवनियुक्त सदस्य का कार्यकाल अल्पकालिक होगा, क्योंकि अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

गुरुवार को आप ने घोषणा की कि राज्यसभा सांसद आतिशी 21 सितंबर को अन्य मंत्रियों के साथ दिल्ली की तीसरी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उत्तर पश्चिम दिल्ली से मुकेश अहलावत आप के अहम दलित चेहरा हैं। संदीप कुमार, राजेंद्र पाल गौतम और राजकुमार आनंद के इस्तीफे के बाद कैबिनेट में एक दलित मंत्री की जगह भी खाली थी। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार के तौर पर इनका नाम चर्चा में आया था। हालांकि, गठबंधन की वजह से ये सीट कांग्रेस को चली गई थी।

आतिशी ने निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा उन पर रखे गए भरोसे को स्वीकार किया। वह आगामी विधानसभा चुनावों के बाद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आतिशी को मार्च 2023 में दिल्ली कैबिनेट में नियुक्त किया गया था, जब आप के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय था, जब मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में गिरफ़्तार किया गया था। तब से वे ज़मानत पर रिहा हैं। जैसे-जैसे आप विधानसभा चुनावों की तैयारी कर रही है, आतिशी राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता हासिल करने की पार्टी की रणनीति में एक केंद्रीय व्यक्ति बनने जा रही हैं। पार्टी ने समय से पहले चुनाव कराने की मांग की है।

ताजा समाचार


National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News