--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कोरोना वायरस की समस्या से जूझ रहे बिहार के लोगों के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री राहत कोष से गुरुवार को बिहार सरकार ने ₹100 करोड़ की राशि जारी करने की घोषणा की। इस राशि का उपयोग लॉकडाउन के कारण बिहार में फंसे मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला वेंडर एवं अन्य गरीबों के लिए आपदा राहत केंद्र बनाने में किए जाएंगे।
इन आपदा राहत केंद्रों में ऐसे गरीब लोगों की भोजन और आवास की व्यवस्था की जाएगी साथ ही वहां उनके स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा होगी। इसके साथ ही वैसे लोग जो बिहार के बाहर फंसे हुए हैं या रास्ते में है उन्हें स्थानीय आयुक्त के माध्यम से संबंधित राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर वहीं पर भोजन एवं आवास की व्यवस्था बिहार सरकार के खर्चे पर भी की जा रही है।
बिहार सरकार द्वारा बाहर फंसे लोगों के लिए भोजन और रहने के साथ ही आपदा राहत केंद्रों पर कोरोना वायरस में संक्रमण की रोकथाम के लिए संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। बिहार सरकार ने दिल्ली में मौजूद बिहार सरकार के पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि वहां फंसे हुए बिहार के मजदूरों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए। बता दें कि देश की राजधानी में काम करने वाले तकरीबन 250 से ज्यादा मजदूरों ने श्रम विभाग को फोन कर मदद की गुहार लगाई।