बिहार के सभी स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● सभी इवेंट्स रद्द, नहीं मनेगा बिहार दिवस

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते बिहार सरकार ने 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि, सीबीएसई की परीक्षाएं जारी रहेगी। सरकार ने दूसरे स्कूलों में चल रही परीक्षाओं को स्थगित करने का आदेश दिया है। 22 से 24 मार्च तक आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।

कोरोनावायरस के संक्रमण को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्य सचिव दीपक कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में भीड़ भाड़ वाले जगहों को बंद रखने करने का निर्णय लिया गया है। बिहार से लगती नेपाल की सीमा पर कड़ी चेकिंग का आदेश दिया गया है। यहां नेपाल से आने वाले सभी लोगों को स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा। इसके लिए सीमा पर डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी।

इसके अलावा ज्ञान भवन, एसके मेमोरियल हॉल और बापू सभागार समेत सभी हॉल में आयोजित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। 31 मार्च तक सभी तरह के कार्यक्रमों की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने का फैसला किया गया है। खेल और कल्चरल प्रोग्राम पर भी रोक रहेगी। म्यूजियम, चिड़ियाघर के साथ ही पटना के सभी पार्कों को भी बंद रखा जाएगा।

पीएमसीएच, एसकेएमसीएच, एनएमसीएच समेत बिहार के सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों में अलग से आइसोलेशन वॉर्ड बनाया गया है। पीएमसीएच के डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। बिहार में अभी तक कोरोनावायरस से पीड़ित एक भी मरीज नहीं मिला है। शुक्रवार तक 142 मरीज ऑब्जर्वेशन में थे जिनमें से 73 को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News