--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
राज्यसभा में 17 राज्यों की 55 सीटों पर 26 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए तमाम दलों ने राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश में सियासी उथल-पुथल के पीछे का मकसद राज्यसभा के चुनाव को ही माना जा रहा है। हालांकि द्रमुक के अलावा अभी किसी भी दल ने अपने राज्यसभा प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है।
राज्यसभा में 17 राज्यों की 55 सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल महीने की अलग-अलग तारीखों पर पूरा हो रहा है। महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से चुने गए सदस्य दो अप्रैल को सेवानिवृत्त हो जाएंगे, जबकि बिहार, झारखंड, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात, मणिपुर, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, मध्यप्रदेश और हिमाचल के संदस्यों का कार्यकाल नौ अप्रैल और मेघालय के सदस्यों का कार्यकाल 12 अप्रैल को समाप्त होगा।
महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार, तमिलनाडु की छह, पश्चिम बंगाल की पांच, आंध्र प्रदेश की चार, तेलंगाना की दो, असम की तीन, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की दो, गुजरात की चार, हरियाणा की दो, हिमाचल की एक, झारखंड की दो, मध्य प्रदेश की तीन, मणिपुर की एक, राजस्थान की तीन और मेघायल की एक राज्यसभा सीटों पर चुनाव होगा।