--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
• राबड़ी-रघुवंश उपाध्यक्ष बने, लालू पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे राजद ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक के बाद नई टीम की घोषणा कर दी है। राजद की ओर से जारी की गई सूची के मुताबिक सु्प्रीमो की कमान लालू यादव के हाथों में ही रहेगी। लालू द्वारा गठित की गई नई कार्यकारिणी में जहां पूर्व सीएम राबड़ी देवी, रघुवंश प्रसाद सिंह और शिवानंद तिवारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, तो वहीं तेजप्रताप-तेजस्वी-मीसा भारती को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान सचिव कमरे आलम ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी देते हुए बतााया कि शहाबुद्दीन को पार्टी में जगह नहीं दी गई है तो वहीं कोषाध्यक्ष के पद से प्रेमचंद्र गुप्ता को भी हटा दिया गया है। पार्टी के गठन काल से ही वे कोषाध्यक्ष थे।
राजद की सूची के मुताबिक मोहम्मद कमरे आलम को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बनाया गया है। राजद ने अहमद अशफाक करीम को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है जो पार्टी से राज्यसभा में सांसद भी हैं। जयप्रकाश नारायण यादव, कांति सिंह, विद्या सागर निषाद, ललित यादव, रणविजय सिंह और सर्वजीत पासवान को राष्ट्रीय महासचिव बनाया है वहीं पूर्व सांसद कुमकुम राय, नसीम खान, रविन्द्र सिंह, संजय कुमार, अजय आनंद विजय सुरेश कंडारे को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।