एनडीए के साथ चुनाव लड़कर 200 से ज्यादा सीट जीतेंगे : नीतीश



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपने जन्मदिन पर गांधी मैदान से चुनावी अभियान का आगाज किया। नीतीश ने जदयू के कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव एनडीए के साथ लड़ेंगे और 200 से ज्यादा सीट जीतेंगे। पिछले दिनों बंद कमरे में तेजस्वी से मुलाकात के बाद उठ रहे सवालों पर भी नीतीश ने साफ कर दिया कि गठबंधन में कोई कन्फ्यूजन नहीं है। सीएए पर कहा कि अभी मामला कोर्ट में है। अदालत के फैसले का इंतजार कीजिए।

नीतीश ने बिना नाम लिए तेजस्वी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिना सोचे-समझे बोलने वाले जुबान चलाते हैं, हम काम करते हैं हम तो कम करने वाले लोग हैं और जब से काम करने का मौका मिला तब से बिहार के विकास में जुटे हैं।

नीतीश ने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ कम हुआ है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाते रहते हैं और इसी को देखकर लोगों को लगता है बिहार में अपराध बढ़ गया है। पहले एफआईआर दर्ज नहीं होती थी और अब कोई थानेदार केस दर्ज नहीं करते तो तत्काल कार्रवाई होती है। अपराध के मामले में बिहार का 23वां स्थान है।

नीतीश ने कहा कि जब हम सत्ता में आए तब बिहार का क्या हाल था। 12.5 प्रतिशत बच्चे स्कूल नहीं जाते थे और आज यह संख्या एक प्रतिशत से भी कम रह गई है। गरीबी की वजह से छात्राएं स्कूल नहीं जा पाती थी। हमने छात्राओं के लिए पोषाक योजना शुरू की। बाद में लड़के-लड़कियों के लिए साइकिल योजना शुरू की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने साढ़े तीन लाख शिक्षकों का नियोजन किया।

उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव आया है। 2006 में हमने एक सर्वेक्षण कराया जिसमें प्रखंड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने औसत 39 लोग इलाज कराने आते थे। आज हर महीने 10 हजार से ज्यादा लोग इलाज कराने जाते हैं।

नीतीश ने कहा कि आज कुछ लोग सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहे हैं। पोर्न साइट पर गंदी चीजें डाल देते हैं। पॉर्न साइट की वजह से अपराध बढ़ रहा है। हमने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इसपर तुरंत बैन लगाने की मांग की। पॉर्न साइट के खिलाफ चेतना जागृत करने की कोशिश स्कूलों के माध्यम से भी करेंगे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News