--शैलेश तिवारी,
बैजलपुर-सोनपुर-छपरा-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
छपरा जिले के सोनपुर थाना अंतर्गत बैजलपुर गांव में बारात का भोज खाने से फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए लोगों की तादाद 500 के आसपास पहुंच गई है। सोनपुर अनुमंडल हॉस्पिटल में बेड के अभाव में बरामदे के फर्श पर लोगों का इलाज हो रहा है। फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए लोगों की सेवा में सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के भावी प्रत्याशी अधिवक्ता ओम कुमार सिंह लगे हुए है।
उन्होंने बताया कि स्थिति को गंभीरता से देखते हुए राज्य के सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह से उन्होंने फोन पर बात कर अविलंब चिकित्सकों की अतिरिक्त टीम यहां भेजने की मांग की है तथा छपरा के सिविल सर्जन से भी उनकी बात कराई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे से भी उन्होंने अभिलंब राहत के लिए चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग की। साथ साथ अपने स्तर से भी फूड प्वाइजनिंग के शिकार लोगों के लिए दवाइयों की व्यवस्था कर रहे हैं।
ओम कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति काफी भयावह है। अभी तक जो कुछ भी व्यवस्था हो पाई है वह नाकाफी है। अपने अस्तर से राज्य के आला अधिकारियों तक स्थिति के बारे में बताया है।
बता दें कि सोनपुर के बैजलपुर गाँव में बारात के दौरान विषाक्त भोजन खाने से लगभग 500 लोग बीमार हुए हैं। रविवार रात भोज खाने वाले लोग सोमवार की सुबह से लगातार बीमार पड़ने लगे तो हड़कम्प मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बैजलपुर गांव के अखिलेश सिंह की पुत्री की शादी के उपलक्ष्य में भोज का आयोजन किया गया था। उसमें खाने वाले कुछ लोगों ने सोमवार को सुबह में उल्टी-दस्त की शिकायत की। बीमार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद एक-एक कर बीमार होनेवाले लोगों की संख्या बढऩे लगी। सोमवार शाम तक करीब दो सौ लोग बीमार पड़ गए। मंगलवार सुबह तक बीमार लोगों की तादाद 500 के करीब पहुंच गई। इसकी सूचना मिलने पर सिविल सर्जन डॉ• माधवेश्वर झा ने छपरा से मेडिकल टीम गांव भेजी। सिविल सर्जन ने भी गांव पहुंच कर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है। गांव में मेडिकल टीम कैंप कर रही है। जीवन रक्षक दवाओं के साथ एंबुलेंस लेकर मेडिकल टीम पहुंची है। बारात का विषाक्त भोजन खाने से करीब 500 लोगों का उपचार रेफरल अस्पताल में चल रहा है। जबकि, अनेक लोग निजी अस्पताल में भर्ती है।