--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में बैठकों का दौर शुरू हो गया है और चुनावी तैयारियों को अमलीजामा पहनाने का काम खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे• पी• नड्डा संभालने वाले हैं। पार्टी सूत्रों ने रविवार को इस बात की जानकारी दी। पार्टी कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार, नड्डा 22 फरवरी को बिहार आयेंगे। वहां वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें व चर्चाएं करेंगे। बीजेपी अध्यक्ष वहां 11 जिलों में बने पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे।
गौरतलब है कि बिहार बीजेपी सभी जिलों में जिला कार्यालय भवन बनवा रही है। 11 जिलों में पार्टी का भवन बन कर लगभग तैयार है। अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे• पी• नड्डा नवनिर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। बीजेपी अध्यक्ष पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी 11 जिलों के कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
इस बीच पटना में बीजेपी संगठन पदाधिकारियों की आज (रविवार को) बैठक हुईं जिसमें सभी 45 संगठन जिला के अध्यक्ष एवं संगठन अधिकारी शामिल हुये। बैठक में बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।