बिहार में मैट्रिक परीक्षा की तैयारी पूरी



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● लड़के-लड़कियों की जांच और चिट-पुर्जों को रोकने के लिए खास इंतजाम

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 17 फरवरी से मैट्रिक की परीक्षा कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि बिहार के 38 जिलों में कुल 1368 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में परीक्षा ली जाएगी। मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा में कुल 1529393 विद्यार्थी फॉर्म भरे थे, जिसमें से 783034 छात्राएं एवं 746359 छात्र शामिल हैं। इनमें से पहली पाली में 396602 छात्राएं एवं 370813 छात्र जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा में 386432 छात्राएं एवं 368546 छात्र सम्मिलित होंगे।

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि पटना जिला में कुल 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। स्वच्छ कदाचार मुक्त एवं कड़ाई के साथ परीक्षा के आयोजन के लिए सभी जिलों के डीएम और एसपी को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा को कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर छात्र-छात्राओं की दो बार जांच के निर्देश दिए गए हैं। पहली बार परीक्षा भवन के मेन गेट पर प्रवेश करते समय तथा दूसरी बार परीक्षा हॉल में शिक्षकों के द्वारा भी जांच की जाएगी। प्रत्येक 25 अभ्यर्थी पर एक वीक्षक की व्यवस्था रहेगी। सभी वीक्षक यह लिखित घोषणा करेंगे कि उनके अंतर्गत सभी अभ्यर्थियों की जांच कर ली गई है तथा इन विद्यार्थियों के पास से कोई अवांछित वस्तु नहीं पाया गया है।

बिहार बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केंद्र के गेट पर महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी एवं महिला कर्मी करेंगी। इसके लिए गेट के बगल में कपड़े से घेरकर छोटा सा घेरा तैयार किया गया है। परीक्षा कक्ष में महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के दौरान पुरुष उस कक्ष से बाहर आ जाएंगे और खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News