दानापुर : कैफेटेरिया इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पटना से सटे दानापुर रेलवे स्टेशन के पास खुला एक कैफेटेरिया इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पूर्व-मध्य रेल महिला कल्याण संगठन ने दानापुर कोचिंग डिपो में पड़े एक बेकार रेलवे कोच को कैफेटेरिया में बदला है। पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा कौमुदी त्रिवेदी ने रेलकर्मियों के लिए अनुपयोगी कोच का जीर्णोद्धार कर इसे स्टाफ कैंटीन का रूप दिया और इस अनोखे कैफिटेरिया का उद्घाटन किया।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया है कि पूर्व मध्य रेल में पहली बार इस प्रकार का कार्य किया गया है। जिसमें बेकार हो चुके रेलवे के कोच को स्टाफ कैफेटेरिया के रूप में विकसित किया गया। वर्ष 2019 के बाद रेलवे द्वारा इस डब्बे को बेकार घोषित कर दिया गया था। इसे दानापुर कोचिंग डिपो के अंदर वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट के पास स्थापित किया गया है।

इस कैफेटेरिया का विकास दानापुर कोचिंग डिपो के ही कर्मचारियों द्वारा खाली समय में योगदान देते हुए अंदरूनी स्रोतों से किया गया है। बेकार पड़े रेल डब्बे को कैफेटेरिया बनाने में किसी प्रकार के सरकारी राजस्व का व्यय (खर्च) नहीं हुआ है। बता दें कि कोच संख्या ईसी जी 94504 को 1994 में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, पेरांबुर, चेन्नई द्वारा बनया गया था।

इस कोच के निर्माण के बाद इसे सेवा के लिए पूर्व रेलवे को दिया गया था। वर्ष 2002 से यह कोच दानापुर मंडल में सेवारत था। वर्ष 2007 में इस कोच को लिलुआ वर्कशॉप में भेजा गया था जहां इसे शौचालय रहित कोच के रूप में रूपांतरित कर दिया गया था। तब से यह कोच मोकामा-शटल में इस्तेमाल किया जा रहा था। सबसे अंत में यह दानापुर-तिलैया पैसेंजर ट्रेन में इस्तेमाल किया गया था और सितंबर, 2019 में इसका कार्यकाल समाप्त हो चुका था।

इस कैंटीन के बन जाने से न केवल दानापुर कोचिंग डिपो के सौंदर्यीकरण में वृद्धि हुई है बल्कि यहां कार्यरत 500 से ज्यादा रेलकर्मियों को अब अल्पाहार के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। कोचिंग डिपो के अधिकारी अनिल कहते हैं कि कर्मचारी कैंटीन की अनुपस्थिति के बारे में पिछले दो साल से शिकायत कर रहे थे कि इस क्षेत्र में कोई होटल नहीं है, इसलिए हमने इस बारे में सोचा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News