---अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक कार्यक्रम में शिरकत करने आये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जब पत्रकारों ने बिहार में एनआरसी लागू किये जाने को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि 'काहे का एनआरसी...?' इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच कहा था कि हमारी सरकार में अल्पसंख्यक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जल-जीवन-हरियाली यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जिले में कहा था कि 'हम गारंटी लेते हैं कि हमारे रहते अल्पसंख्यक समाज की किसी भी स्तर पर उपेक्षा नहीं होगी। उनका कोई नुकसान नहीं होगा। मिलजुल कर चलिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कौन किसको किस बात के लिए भड़काता है, यह अलग बात है। हम इन चीजों पर ध्यान नहीं देते। हमारा संकल्प है, समाज के सभी वर्गों के लिए काम करते हैं। अल्पसंख्यक समाज को जो लोग भड़का रहे हैं, उनसे पूछिए कि राजपाट करने का मौका उन्हें मिला, तो उन्होंने क्या किया। चंद ऐसे लोग होते हैं, जो लोगों को भड़काते रहते हैं। हम नि:स्वार्थ लोगों की सेवा करते हैं और सबों को मिलाकर चलते हैं। आपस में प्रेम, भाइचारा व सद्भाव से रहिए। समाज अच्छा बनेगा।