गया, 02 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बिहार के गया में आयोजित चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आपके इस चौकीदार ने आपके लिए जो कुछ भी किया है, उससे क्या आप खुश हैं? बाकि जो काम बचा है, वो काम भी यही चौकीदार पूरा करेगा। दो तरह के लोग, एक महामिलावटी और उनके पैरोकार और दूसरे आतंकवादी और उनके मददगार, यही लोग चौकीदार से परेशान है। उन्होंने कहा कि बिहार को बीमार बनाने का काम महामिलावटियों ने किया है। बिहार में पहले की सरकारों में जैसे काम होता था अगर ऐसे ही काम होता रहता तो समय पर यहां एनडीए की सरकार न बनी होती और तो गया जी को न जाने कितने दशरथ मांझी गढ़ने पड़ते।
श्री मोदी ने कहा कि हमारी पुलिस में, हमारी सुरक्षा एजेंसियों में पहले भी कोई कमी नहीं थी, कमी थी राजनीतिक आजादी की। जान दांव पर लगाकर हमारे सुरक्षाकर्मी आतंकियों को पकड़ते थे और ये महामिलावटी सिर्फ वोट के लिए ऐसे खतरनाक लोगों को छोड़ देते थे। आतंकवादी घटनाओं की जांच सही से न हो, इसके लिए इन्होंने हिंदू आतंकवाद का हौवा खड़ा कर दिया।