--- शैलेश तिवारी, पटना, 25 सितम्बर।
राज्यसभा सांसद और जदयू के बागी नेता शरद यादव आज से बिहार में दूसरे चरण की यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं जिसमें आज वे भोजपुर जिले में जनता से सीधा संवाद करेंगे। इससे पहले भी शरद यादव ने बिहार आकर जनता से सीधा संवाद किया था और महागठबंधन टूटने के कारणों का जनता के बीच खुलासा किया था।
उन्होंने महागठबंधन टूटन को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के रिश्ते को लेकर कई तरह के प्रश्न किए हैं। उनका आरोप है कि नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान कर बिहार की जनता से धोखा किया है और वो इसके लिए किसी को माफ नहीं करेंगे।
अपने दूसरे चरण की यात्रा के दौरान शरद यादव आज से 4 दिन बिहार के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करेंगे और राज्य में जेडीयू और बीजेपी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल करेंगे।
* चार दिनों की यात्रा में 29 सभाएं करेंगे शरद
शरद यादव 25 सितंबर से अपनी दूसरे चरण की बिहार यात्रा आरंभ करेंगे। चार दिनों की इस यात्रा के दौरान वह छह जिलों में 29 सभाएं करेंगे। प्रथम चरण में उन्होंने आठ जिलों का दौरा किया था और करीब एक दर्जन सभाएं की थीं।
दूसरे चरण के कार्यक्रम में पहले दिन 25 सितंबर को वे दानापुर, बिहटा, आरा, बिहिया, बनाही, बरहमपुर, नया भोजपुर, डुमराँव, पुराना भोजपुर एवं बक्सर में जनता से सीधा संवाद करेंगे।
फिर 26 सितंबर को चौसा, नोआवन, रामगढ़, दुर्गावती, भभुआ, मोहनिया, परसुआ, कुद्रा, शिवसागर एवं सासाराम, 27 सितंबर को डेहरी, बारून, औरंगाबाद, मदनपुर, अमास, शेरघाटी, डोभी, मगध विश्वविद्यालय बोधगया एवं गया और 28 सितंबर को गया के चंद्रशेखर आजाद कालेज, चाकंद, बेलागंज, मखदुमपुर, तेहता, जहानाबाद, किंजर, इमामगंज, कर्पी, बेलखारा, अरवल, पालीगंज, दुल्हिन बाजार, विक्रम, खगौल एवं फुलवारीशरीफ में सभाएं करेंगे।