नई दिल्ली/बिहार, 09 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़
● कृषि क्षेत्र में आएगा क्रांतिकारी परिवर्तन
विद्युत तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आर• के• सिंह ने दिल्ली में अपने कार्यालय में बिहार के शहाबाद-भोजपुर क्षेत्र के सोन नहर प्रणाली के पक्कीकरण प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा हेतु एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अधिकारियों एवं वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एडीबी के प्रतिनिधियों ने बताया कि एडीबी ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। आर• के• सिंह ने एडीबी के प्रतिनिधियों एवं वित्त मंत्रालय के अधिकारियों से कहा कि परियोजना के विभिन्न चरणों को संपन्न करने हेतु समय सीमा तय की जानी चाहिए। बैठक में तय हुआ कि वित्त मंत्रालय का आर्थिक कार्य विभाग 17 जुलाई, 2018 तक कंसलटेंट बहाल करने के लिए स्वीकृति दे देगा एवं एडीबी के कंसलटेंट जुलाई के अंत तक अपना काम शुरू कर देंगे।
आर• के• सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि कंसलटेंट की बहाली के बाद की प्रक्रियाएं जैसे कि डिजाइन अध्ययन, हितधारकों से परामर्श, फिजिबिलिटी रिपोर्ट; निविदा प्रपत्र तैयार करने आदि की प्रक्रिया तेजी से संपादित की जाए तथा प्रथम चरण में मुख्य नहर तथा ब्रांच नहरों के लाइनिंग का टेंडर अक्तूबर के प्रथम सप्ताह तक निकाला जाए। बैठक में विचार-विमर्श के पश्चात उपस्थित एडीबी के प्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारियों ने मंत्री आर• के• सिंह को यह आश्वासन दिया कि समस्त औपचारिकताएं पूरी करके प्रथम चरण की निविदा अक्तूबर के प्रथम सप्ताह तक निकाल दी जाएगी।
गौरतलब है कि 503 मिलियन डालर (3272.49 करोड़ रुपए) की संभावित लागत की परियोजना में एडीबी द्वारा 352 मिलियन डालर की सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना के कार्यान्वित हो जाने पर बिहार के शहाबाद-भोजपुर क्षेत्र के अंतर्गत कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा।