---हरिओम पाण्डेय, सिंगरौली, 05 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
◆ 9 स्थानों पर 50 डिसमिल क्षेत्र में मिली अफीम की फसल
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक विनीत जैन ने ऐतिहासिक कार्यवाही करते हुए जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम मनिहारी में अवैध रूप से अफीम की फसल का जखीरा पकड़ा है। एसपी की अगुवाई में पहुँची पुलिस टीम ने मनिहारी गावँ में छापामार कार्यवाही कर 9 स्थानों पर अवैध अफीम की खेती की पुष्टि कर 9 मुख्य आरोपियों के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की है। अवैध अफीम उत्पादन की जानकारी के बाद 4 मार्च की रात्रि से ही मनिहारी गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गयी। आज सोमवार प्रातः 10 बजे भारी संख्या में पुलिस दल को देख ग्रामीणों के होश उड़ गए।
सिंगरौली के मनिहारी गांव में मिली अवैध अफीम खेती में की गई कार्यवाही के बारे में एसपी श्री जैन ने बताया कि बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम मनिहारी में अवैध अफीम की खेती की सूचना के बाद पुष्टि उपरांत गांव में छापामार कार्यवाही की गई है। जहाँ आरोपी बद्री वैश्य पुत्र लंका प्रसाद वैश्य ने आधा डिसमिल, अंजनी वैश्य पुत्र हृदयलाल ने पांच डिसमिल, संतकुमार वैश्य पुत्र श्यामलाल ने 9 डिसमिल, रामलल्लू पुत्र बालमुकुंद वैश्य ने 14 डिसमिल , रामललन पुत्र मिठाई लाल ने सात डिसमिल , रामायण पुत्र कन्हैया लाल ने एक डिसमिल, बसंत लाल पुत्र लखनधारी वैश्य ने ढाई डिसमिल, शरदा वैश्य पुत्र लखनधारी ने तीन डिसमिल एवं तीरथ वैश्य पुत्र रामाधीन ने डेढ़ डिसमिल जमीन में अफीम की खेती करते पकड़े गए है।
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक विनीत जैन ने आगे बताया कि मध्य प्रदेश में नीमच, मंदसौर, रतलाम तथा झाबुआ के अलावा किसी भी जिले और गांव में अफीम खेती का परमिशन शासन द्वारा नहीं दी गयी है। सिंगरौली के मनिहारी में मिली अफीम की खेती का यह जखीरा रीवा संभाग के किसी भी जिले में सबसे बड़ी अफीम की खेती पकड़ में आयी है।
बताते है कि बरगवां थाने के आरक्षक नीलेश तोमर को सूचना मिली कि मनिहारी गांव में अफीम की खेती हो रही है, यह सूचना आरक्षक ने टीआई आर• पी• सिंह को दी। जिसके बाद सिंगरौली एसपी को अवगत कराया गया। श्री जैन ने आबकारी टीम एवं अपर कलेक्टर को स्थल निरीक्षण के लिए भेजा। जहाँ से पुष्टि के बाद 4 मार्च की रात ही एएसपी सूर्यकान्त शर्मा के मार्गदर्शन व बरगवां टीआई आर• पी• सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ गांव को चारों तरफ से घेर लिया, जहाँ आज एसपी श्री जैन ने जिला प्रशासन, आबकारी विभाग व राजस्व अमला के साथ मनिहारी गांव पहुंच कार्यवाही किया। कार्यवाही की भनक लगते ही कुछ आरोपी घर छोड़कर कर फरार हो गए।
अफीम की खेती के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्हें इसकी तस्करी का कोई ज्ञान नही है और न ही इसका वह कोई नशा आदि से संबंधित कारोबार करते हैं। ग्रामीणों ने भी इनकी बातों का समर्थन किया और बताया कि गांव के उक्त लोग सोंठ आदि बनाने के काम मे लाते हैं। इधर जिला एसपी ने गांव वालों की तमाम दलीलों को खारिज कर संबंधित आरोपियों के वयस्क लड़कों के खिलाफ भी कार्यवाही का आदेश दिया है। पुलिस की कार्यवाही में कुछ और लोगो की पुलिस तलाश एवं धर-पकड़ कर रही है। जिसके कारण कार्यवाही से गांव में दहसत व्याप्त है।