हावड़ा
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।
हावड़ा मैदान क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। आज दोपहर हावड़ा जिला अस्पताल के सामने स्थित क्रांतिकारी हरेन घोष सरणी के दोनों ओर बनी कम से कम 30 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और कॉम्बैट फोर्स तैनात की गई। अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यस्त सड़क पर यातायात भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
प्रशासन ने बताया कि कुछ दिन पहले ही दुकान मालिकों को स्वयं दुकानें हटाने के लिए नोटिस दिया गया था। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण आज यह अभियान चलाया गया। जिस स्थान पर कार्रवाई की गई, वहां हावड़ा जिला अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार है। इसके अलावा सामने जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय, हावड़ा न्यायालय, कोर्ट लॉकअप, पुलिस कार्यालय तथा कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक भवन स्थित हैं। इस कारण यहां हमेशा लोगों की आवाजाही और भीड़ बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
हालांकि, मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद हॉकर्स के खिलाफ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहने से फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों में नाराज़गी देखी गई।