हावड़ा - पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।
हावड़ा के धूलागढ़ ट्रक टर्मिनल के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद किया। मृतक की पहचान गोपाल सरकार (37) के रूप में हुई है। वह धूलागढ़ क्षेत्र का ही निवासी था। वहीं मामले की जांच में जुटी हावड़ा सिटी पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम हैप्पी कुमार सिंह है, जो बिहार का निवासी बताया जा रहा है।
इस मामले को लेकर बुधवार को सांतारागाछी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हावड़ा सिटी पुलिस के डीसीपी (दक्षिण) गणेश विश्वास ने बताया कि पुलिस ने अपने सूत्रों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोपाल सरकार की गमछे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी हो सकती है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस बीच जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जब शव बरामद किया गया तब मृतक के शरीर पर साड़ी पहनाई गई थी। इस असामान्य परिस्थिति ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है तथा इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना का संबंध किसी देह व्यापार गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधि से तो नहीं है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
हावड़ा सिटी पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।