भगवान विष्णु के पांचवें अवतार बटुक वामन भगवान के मंदिर को आम लोगों के लिए खोला जाएगा - सम्राट चौधरी



--अभिजीत पाण्डेय
पटना - बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज।

●कोइलवर-बक्सर मैरिन ड्राइव का होगा निर्माण

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया कि बक्सर जेल परिसर में स्थित भगवान विष्णु के पांचवें अवतार बटुक वामन भगवान के मंदिर को आम लोगों के लिए खोला जाएगा और इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पटना के बाद अब कोइलवर से बक्सर तक मैरिन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान बक्सर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने किला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। बक्सर में हाल ही में सीमेंट प्लांट का उद्घाटन किया गया है और यहां देश का सबसे बड़ा कोल्ड ड्रिंक बॉटलिंग प्लांट भी स्थापित किया गया है।

श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उस समय पटना से बक्सर आने में चार से पांच घंटे लगते थे, जबकि आज यह दूरी दो घंटे में पूरी हो रही है। बक्सर-चौसा सड़क का निर्माण जारी है और गंगा नदी पर फोरलेन पुल बनाया जा रहा है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

उन्होंने बताया कि राज्य में सड़कों का विस्तार के बाद 1 लाख 40 हजार किलोमीटर सड़क है जबकि पहले यह आंकड़ा महज 6 हजार किलोमीटर था। बिहार का बजट 6 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है।

बिजली क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले 17 लाख उपभोक्ता थे, जो अब बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गए हैं। राज्य में 22 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलने से लगभग 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी जिलों में उद्योग स्थापित कर रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और पलायन पूरी तरह समाप्त हो सके। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी और रोजगार दिया गया है। अब बुनियादी सुविधाओं के बाद बिहार को उद्योग हब बनाने पर जोर दिया जा रहा है और अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं भोजपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा - कभी पटना से आरा आने में तीन घंटे लगता था लेकिन आज ये सफर एक से डेढ़ घंटे में पूरा होता है। पटना, आरा, बक्सर फोरलेन का निर्माण हो रहा है। यहां सड़कों का जाल बिछ रहा है। आरा बिहार के विकास के साथ कदमताल कर रहा है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News