अमेरिकी चुनाव विशेषज्ञ ने कहा 'तीसरी बार सत्ता में लौट रही है मोदी सरकार'



--राजीव रंजन नाग
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।

अमेरिका के मशहूर राजनीतिक विशेषज्ञ इयान ब्रेमर ने एक टेलीविजन चैनल को दिए खास इंटरव्यू में कहा कि भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लगभग 305 सीटें जीत सकती है। ब्रेमर ने भविष्यवाणी की कि नरेंद्र मोदी निश्चित तौर पर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। आज की तारीख में राजनीतिक तौर पर भारत सबसे ज्यादा स्थिर देश है। ब्रेमर यूरेशिया ग्रुप के फाउंडर हैं और दुनियाभर के चुनावों पर काफी करीब से नजर भी रखते हैं।

अमेरिकी राजनैतिक विशेषज्ञ ने स्वतंत्र और निष्पक्ष व पारदर्शी भारतीय चुनावी प्रकिया की तारीफ भी की। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी लगभग निश्चित रूप से मजबूत आर्थिक प्रदर्शन और लगातार सुधार के दम पर तीसरा कार्यकाल जीतने जा रहे हैं, जो एक बहुत ही स्थिर संदेश है।

ब्रेमर ने कहा कि भारत आज जमीन पर बहुत ही स्थिर व्यवस्था वाला संदेश है। मुझे लगता है कि भारत अगले साल तक विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वहीं 2028 तक यह विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।

रिस्क एंड रिसर्च कन्सल्टिंग फर्म यूरेशिया ग्रुप के संस्थापक ब्रेमर ने यह भी कहा कि दुनिया के राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में भारत के आम चुनाव, "एकमात्र ऐसी चीज है जो स्थिर और सुसंगत दिखती है... बाकी सब कुछ (अमेरिका सहित अन्य स्थानों पर नवंबर में होने वाले चुनाव) समस्याग्रस्त हैं। "उन्होंने कहा कि, "... हमारे यहां बड़े स्तर की भू-राजनीतिक अनिश्चितता भारी मात्रा में है और भूमंडलीकरण का भविष्य उस दिशा में नहीं चल रहा है जैसा कंपनियां चाहती हैं। राजनीति खुद को ग्लोबल मार्केट में घुसा रही है... युद्ध, अमेरिका-चीन संबंध और अमेरिका के चुनाव इसका एक बड़ा हिस्सा हैं।"

उन्होंने कहा कि, "इन सभी को ठीक से मैनेज नहीं किया जा रहा है और यह दबाव अधिक नकारात्मक हैं। वास्तव में राजनीतिक रूप से एकमात्र चीज जो स्थिर और सुसंगत दिखती है, वह भारत का चुनाव है। बाकी सब कुछ समस्याग्रस्त दिखता है।" भारत के लोकसभा चुनाव को लेकर उनकी भविष्यवाणी के बारे में सवाल पर ब्रेमर ने कहा कि यूरेशिया ग्रुप की रिसर्च से पता चलता है कि बीजेपी 295 से 315 सीटें जीतेगी।

हालांकि ब्रेमर ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी रुचि नंबरों में नहीं है। उन्होंने कहा कि, "मेरी रुचि दुनिया के सभी चुनावों में है (जिसमें यूरोपीय यूनियन में चुनाव और ब्रिटेन में संभावित राष्ट्रीय चुनाव शामिल है)। भारत जो सबसे बड़ा लोकतंत्र है, में सबसे सहज बदलाव हुआ है। भारतीय राजनीतिक व्यवस्था में बहुत अधिक अनिश्चितता नहीं है।"

ब्रेमर ने भारत की "स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी" चुनाव प्रक्रिया की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि, "लगभग तय है कि मोदी निश्चित रूप से मजबूत आर्थिक प्रदर्शन और लगातार सुधार के दम पर तीसरे कार्यकाल के लिए जीतने जा रहे हैं, जो कि भव्य योजना में बहुत ही स्थिरता से जुड़ा संदेश है।"

वहीं, भारतीय राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी दावा किया है कि केंद्र में मौजूदा भाजपा सरकार को लेकर न तो कोई खास असंतोष है और न ही 2024 के लोकसभा चुनाव में विकल्प की कोई मजबूत मांग है।

‘एनडीटीवी’ के साथ एक इंटरव्यू में जन सुराज पार्टी प्रमुख ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को एक और जीत दिला सकते हैं। बीजेपी की सीटों की संख्या 2019 के करीब या उससे भी अधिक हो सकती है। उल्लेखनीय है कि 2019 में बीजेपी ने कुल 303 सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी वापसी कर रही है। उन्हें पिछले चुनाव के समान संख्याएं मिल सकती हैं या थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।”

भारत के आर्थिक भविष्य को लेकर ब्रेमर ने कहा, "दुनिया ने देखा है कि भारत ने दशकों तक खराब प्रदर्शन किया है। भारत के पास अविश्वसनीय वर्कफोर्स और बहुत मजबूत बौद्धिक पूंजी है... इतने सारे अमेरिकी सीईओ भारत से आते हैं। फिर भी, एक अर्थव्यवस्था के रूप में भारत का प्रदर्शन खराब रहा है।"

उन्होंने कहा कि, "अब हम देख रहे हैं कि विकास में तेजी आ रही है। हम देख रहे हैं कि भारत संभवत: अगले साल दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा, और 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था। लेकिन हम यह भी देख रहे हैं कि भारत दुनिया के बाकी देशों के साथ अपनी दोस्ती को परिभाषित करने के मामले में भी और अधिक शक्तिशाली बन रहा है।"

इयान ब्रेमर विदेशी मामलों के एक स्तंभकार और टाइम के संपादक हैं। वो GZERO मीडिया कंपनी के अध्यक्ष हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मामलों की बुद्धिमान और आकर्षक कवरेज प्रदान करने के लिए काम करती रही है। उनकी सबसे हा मलिया पुस्तक “द पावर ऑफ क्राइसिस है”।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News