ये पार्टी चंद लोगों की पार्टी नहीं 140 करोड़ लोगों के सपनों की पार्टी है



--राजीव रंजन नाग
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।

● केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को ललकारा और कहा 'मैं 12 बजे बीजेपी हेडक्वॉर्टर आ रहा हूं'

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि आप जो ये जेल-जेल का खेल खेल रहे हो। कभी मुझे, कभी किसी और को जेल में डाल देते हो, इसलिए रविवार को 12 बजे मैं अपने सभी सांसदों और विधायकों के साथ बीजेपी हेडक्वॉर्टर आ रहा हूं। आप जिस जिसको जेल में डालना चाहते हो, एक साथ जेल में डाल देना। आपको लगता है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर आप पार्टी को कुचल दोगे, लेकिन आम आदमी पार्टी ऐसे कुचली जाने वाली नहीं है। आम आदमी पार्टी एक विचार है, जो आज पूरे देश के लोगों के दिलों में बस गया है। आप हमारे जितने नेताओं को जेल में डालोगे, उससे 100 गुना ज्यादा नए नेता ये देश पैदा करेगा।

रविवार को आम आदमी पार्टी दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचती इससे पहले ही आप कार्यकर्ताओं को पहले ही रोक दिया। राजधानी के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित बीजेपी मुख्यालय पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हम सभी नेताओं की गिरफ्तारी देने बीजेपी मुख्यालय जाएंगे। हमें जहां रोक दिया जाएगा हम वहीं पर बैठकर आधे घंटे तक प्रदर्शन करेंगे। अगर आधे घंटे तक हमें गिरफ्तार नहीं किया गया तो हम वापस लौट जाएंगे और ये मोदी की हार होगी।

भाजपा मुख्यालय जाने से पहले केजरीवाल ने कहा कि पीएम ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने का इरादा बनाया है। उसके लिए एक ऑपरेशन चालू किया है, जिसका नाम है “ऑपरेशन झाड़ू”। बहुत सारे लोग हैं जो पीएम से मिलने जाते हैं। जो उनसे मिलके आते हैं, वो हमें बताते हैं कि पीएम ने छूटते ही आप की बात शुरू की और कहा कि आप वाले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। इनके कामों की चर्चा पूरे देश में हो रही है।

आने वाले भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और कई राज्यों में आप बीजेपी के लिए चुनौती हो सकती है, इसलिए इस पार्टी को तुरंत खत्म कर दिया जाए। इसके लिए उन्होंने ऑपरेशन झाड़ू चालू किया है, इसके तहत आप के नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। बाद में अकाउंट्स को सीज किया जाएगा, ये बात ईडी के अधिकारी ने कही है। आम आदमी पार्टी का दफ्तर खाली कराके सड़क पर लाया जाएगा। ये तीन प्लान बनाए हैं। उन्हें लगता है कि वो पार्टी को खत्म कर देंगे, मैं कहना चाहता हूं के ये पार्टी चंद लोगों की पार्टी नहीं है, ये 140 करोड़ लोगों के सपनों की पार्टी है। जिस किस्म के काम हमने दिल्ली और पंजाब में किए हैं, 75 सालों में इस तरह के काम लोगों ने कभी नहीं देखें।

केजरीवाल ने कहा - 2015 के बाद से पता नहीं कितनी आरोप लगाए, लेकिन कुछ नहीं चिपका। अब कह रहे हैं कि कोई शराब घोटाला हो गया। जनता इनसे पूछ रही है कि घोटाले का पैसा कहां गया। ये खुद सुप्रीम कोर्ट में कहते हैं कि पैसे की रिकवरी नहीं हुई तो क्या पैसा हवा में गया। फर्जी केस बना के इन्होंने हमारे नेताओं को गिरफ्तार किया।

जो सपने एक आम आदमी देखता था, वो सपने अब सच हो रहे हैं। दिल्ली और पंजाब में हमने सरकारी स्कूलों को ठीक किया। हमने पैसा बचा के बिजली फ्री कर दी, अब महिलाओं को हजार रूपये देने जा रहे हैं। ये बात पूरे देश में फैल रही है। आम आदमी पार्टी अब एक विचार है। नेताओं को तो गिरफ्तार कर लोगे लेकिन इस विचार को कैसे गिरफ्तार कर पाओगे। ये एक ऐसा विचार है जिसका विनाश नहीं किया जा सकता है।

पंजाब चुनाव में चुनाव से तीन दिन पहले पीएम ने बोला था कि केजरीवाल खलिस्तानी आतंकवादी है। इतनी वाहियात और बेवकूफी वाली बात पीएम के मुंह से सुनते हैं तो हमें दया आती है। आने वाले 10 दिनों के अंदर दिल्ली और पंजाब के चुनाव से पहले ये कई मनगढ़ंत बाते लेकर आएंगे। आप का एक-एक नेता आग से निकलकर गुजरा है। कल तो मेरे पीए तक को गिरफ्तार कर लिया। राघव चड्ढा को भी गिरफ्तार करने को कह रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा- आज हम सब लोग इकट्ठा हुए हैं। पीएम को कहना चाहता हूं कि एक-एक करके गिरफ्तार कर रहे हो। हम सबको एक साथ गिरफ्तार कर लो। जेल के 50 दिनों का पूरा सदुपयोग किया। दो बार पूरी गीता पढ़ी। पूरी गीता श्लोक के साथ और एक बार पूरी रामायण पढ़ी। एक बार सबको जेल भेज के देख लो कि आम आदमी पार्टी का विनाश होता है या ये पार्टी और बड़ी होती है। अभी हम यहां से शांति से जाएंगे। अगर हमें जाने देंगे तो जाएंगे। जहां रोकेंगे वहीं रुक जाएंगे। हम सड़क पर बैठ जाएंगे। आधा घंटा बैठेंगे और अगर हमें गिरफ्तार नहीं करते हैं तो ये उनकी हार होगी।

आने वाले समय में बड़ी चुनौतियां आने वाली हैं। उन सभी के लिए आप तैयार रहना। पिछली मुसीबतों से निकलना कोई चमत्कार नहीं है, ये सिर्फ एक वजह से हुआ कि बजरंगबली का आप पर हाथ है। हम सभी चुनौतियों से निकल जाएंगे क्योंकि हमारी मंशा साफ है। भगवंत मान आज नहीं आए हैं, लेकिन मैंने उनसे कहा है कि अगर हम सभी गिरफ्तार हो जाते हैं तो आप भी कल आ जाना गिरफ्तार होने।

पार्टी ऑफिस से निकलने के बाद आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता बीजेपी मुख्यालय की ओर बढ़े। हालांकि उन्हें पहले ही रोक दिया गया। इस दौरान आप नेता संजय सिंह ने कहा कि हम यहां पर गिरफ्तारी देने के लिए आधे घंटे तक बैठे रहे लेकिन मोदी हमें गिरफ्तार नहीं करवा सके। ये उनकी हार है और इसलिए अब हम अपना प्रदर्शन समाप्त कर रहे हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News