चुनावी सर्वे का अनुमान: मध्य प्रदेश में भगवा पार्टी फिर बहुमत की ओर?



--राजीव रंजन नाग
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स एग्जिट पोल अनुमान के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा विधानसभा चुनाव में 230 सीटों वाली विधानसभा में 140 से 159 सीटों के बीच भारी बहुमत हासिल करके मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रख सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान हुआ था और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स एग्जिट पोल अनुमानों से पता चलता है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी 140-159 सीटें जीत सकती है, जबकि पांच साल पहले उसने केवल 109 सीटें जीती थीं। एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस केवल 70-89 सीटें जीत सकती है, जबकि पांच साल पहले उसने 114 सीटें जीती थीं। बाकी दो सीटें निर्दलीय समेत 'अन्य' जीत सकते हैं।

वोट शेयर अनुमानों से पता चलता है कि बीजेपी को 45.83 प्रतिशत, कांग्रेस को 38.04 प्रतिशत और 'अन्य' को 16.13 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

■ क्षेत्रवार सीटों का अनुमान

क्षेत्र-वार, इंडिया टीवी-सीएनएक्स एग्जिट पोल अनुमान के अनुसार 51 सीटों वाले बाघेलखंड में बीजेपी को 34, कांग्रेस को 16 और अन्य को एक सीट मिल सकती है। 24 सीटों वाली भोपाल में बीजेपी 18 सीटें जीत सकती है और बाकी छह सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। 34 सीटों वाले चंबल में कांग्रेस 20 सीटें जीत सकती है और बीजेपी के पास 14 सीटें रह सकती हैं। 47 सीटों वाले महाकौशल में बीजेपी 32 सीटें जीत सकती है जबकि कांग्रेस 15 सीटें जीत हासिल कर सकती है।

46 सीटों वाले मालवा में बीजेपी को 34 और कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत मिल सकती है। 28 सीटों वाले निमाड़ में बीजेपी 17 सीटें जीत सकती है, बाकी 11 सीटें कांग्रेस के पास रह सकती हैं। इंडिया टीवी-सीएनएक्स द्वारा 17 नवंबर को 152 विधानसभा क्षेत्रों में 16,720 उत्तरदाताओं (8,590 पुरुष और 8,130 महिलाएं) के बीच एग्जिट पोल सर्वेक्षण किया गया था।

उधर, टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में मध्‍यप्रदेश में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है। टुडेज चाणक्य ने अपने सर्वे में भाजपा को 151 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है जबकि कांग्रेस के खाते में 74 सीटें और अन्य को पांच सीटें मिलने का आंकड़ा पेश किया है।

ताजा समाचार


इ-अखबार - जगत प्रवाह
Image Gallery

राष्ट्रीय समाचार








>