राजस्थान के रण में 'करण' का अवतरण, पीएम मोदी को बताया अंध भक्तों का भगवान



जयपुर - राजस्थान,
इंडिया इनसाइड न्यूज।

■ पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत के आत्मज व भारत नवनिर्माण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला

■ राजस्थान की जनता ने भाजपा से दूरी बना ली है, क्योंकि ये जुमलेबाजों की पार्टी है...

दलगत दावों की धार और जुबानी रफ्तार के बीच आख़िरकार राजस्थान विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया। इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता भी लग गई, यानी अब सियासी पार्टियों की हर गतिविधि पर निर्वाचन आयोग की खास नजर होगी। आरोप-प्रत्यारोप और बयानों की कड़ियों में कई वाजिब तो कुछ भ्रम फैलाने वाले मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। इसकी जद में वो मतदाता हैं, जिन्हें सियासी पार्टियों के आगामी भविष्य का निर्णय करना है। वहीं, राजस्थान के रण में एक ओर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं, जो अपनी रैलियों व सभाओं में विकास को बतौर प्रचार मॉडल इस्तेमाल कर रहे हैं तो दूसरी राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा खौफ और आपराधिक घटनाओं को चुनावी मुद्दा बनाए हुए हैं। वहीं, राज्य की मौजूदा सियासी परिदृश्य पर भारत नवनिर्माण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह से इंडिया इनसाइड न्यूज ने खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने बेबाक अंदाज में अपनी बात रखते हुए केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला।

• नौ साल में किया देश का बंटाधार

भारत नवनिर्माण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार की करनी और कथनी में जमीन आसमान का फर्क है. ये केवल वादों और जुमलों की सियासत करते हैं। इन्हें आम जनता की कोई फिक्र नहीं है। रही बात राजस्थान विधानसभा चुनाव की तो राज्य की जनता ने इन्हें पहले से ही नकार दिया है। केवल 3 दिसंबर को परिणाम आना बाकी है।

• भाजपा करती है महजब की सियासत

करण सिंह ने भाजपा को एक मजहबी सियासी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि जो पार्टी मजहब और जाति को केंद्र कर सियासी रोटी सेंकने की कोशिश करती है, वो असल में खोखली होती है। उनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं होता है। ऐसे में येन केन प्रकारेण चुनाव जीतने के लिए वो मजहबी तफात को हथियार बनाते हैं। ऐसे में लोगों को भाजपा सरीखी पार्टियों से सावधान रहने की जरूरत है। आगे उन्होंने कहा- ''मज़हब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना'' इसलिए राजस्थान की जनता को सतर्क होकर इस बार भाजपा को राज्य व केंद्र की सत्ता से बेदखल करने के लिए मतदान करना चाहिए।

• पीएम मोदी को बताया दिशाहीन पीएम

भारत नवनिर्माण पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री विकास की बातें करते हैं, न कि विकास के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी की तुलना सोशल मीडिया प्लानर से करते हुए कहा कि मोदी जी के विकास कार्य सोशल मीडिया पर होते हैं। वहीं, कुछ तथाकथित अंध भक्त भाजपा कार्यकर्ता उनकी प्रशंसा में शब्दों की आंधी चलाते हैं और उसे प्रमोट किया जाता है, लेकिन असल हकीकत यह है कि हमारे पीएम पूरी तरह से दिशाहीन हैं और उनके कार्यों की समीक्षा करने पर आपको शून्य के इतर और कुछ हासिल नहीं होगा।

• राजस्थान की जनता ने भाजपा से बनाई दूरी

भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाओं को लेकर करण सिंह ने कहा कि लाख प्रयास के बाद भी भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को राजस्थान में कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि इसका जीता जागता सबूत सभाओं में खाली पड़ी कुर्सियां रहीं और ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि राज्य की जनता इनके छलावे और जुमलों को अच्छी तरह से समझने लगी है। शायद यही वजह है कि अब प्रदेश के भाग्य विधाता (जनता) भाजपा से दूरी बनाए रखने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं।

• राजस्थान में बढ़ी आपराधिक घटनाओं पर कही ये बात

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। ऐसे में पीएम मोदी उन विषयों को उठा रहे हैं, जिसके केंद्र में स्वयं भाजपा के लोग रहे हैं। हर राज्य में आपराधिक घटनाएं घटती हैं, जिसे नियंत्रित करने और आरोपियों को सजा देने के लिए सरकार की ओर से सख्त कदम उठाए जाते हैं, लेकिन इसे चुनावी मुद्दा नहीं बनाया जा सकता है। वहीं, राज्य में हुए आपराधिक मामलों को करण सिंह ने दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि जो भी आरोपी इन मामलों में संलिप्त होंगे, उन्हें सरकार नहीं बख्शेगी।

• मैं नहीं लड़ूंगा चुनाव

करण सिंह ने कहा कि किसी सियासी दल का प्रतिनिधित्व करने का मतलब चुनाव लड़ना नहीं होता है। मैं चुनाव लड़ूंगा नहीं, बल्कि मैदान में भाजपा के खिलाफ मजबूत दीवार बनकर खड़ा रहूंगा। आगे उन्होंने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य की कांग्रेस सरकार की तारीफ की और कहा कि जिसे जहां भी उनकी जरूरत महसूस होगी, वो उनके साथ वहां खड़ें होंगे। उन्होंने कहा कि उनका केवल एक ही उद्देश्य है और वो है भाजपा को राजस्थान और देश से शून्य करना और वो अपनी राह पर अग्रसर हैं।

• भाजपा को एजेंसियों पर भरोसा, हमें जनता पर विश्वास

करण सिंह ने कहा कि भाजपा अक्सर अपने विरोधियों को शांत कराने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है, लेकिन अब उनकी ये रणनीति भी सार्वजनिक हो चुकी है। खैर, भाजपा ने जांच एजेंसियों से गठबंधन कर रखा है और हमें केवल व केवल जनता जनार्दन पर भरोसा है, क्योंकि आखिरी निर्णय जनता की अदालत में ही होना है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News