इश्क़ की कहानियां मेरे साथ कब्र में जाएंगी - सलमान खान



--राजीव रंजन नाग,
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।

'आप की अदालत' में रजत शर्मा के साथ इंटरव्यू के दौरान सुपर स्टार सलमान खान ने ये बात स्वीकार की है कि शायद अपनी गलतियों के कारण वह प्यार के मामले में बदकिस्मत रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपनी लव स्टोरी पर आत्मकथा लिखने का इरादा रखते हैं, तो सलमान ने जवाब दिया, 'मेरी इश्क़ की कहानियां मेरे साथ कब्र में जाएंगी।'

यह पूछे जाने पर कि उनका शादी का इरादा कब है, सलमान ने जवाब दिया: 'जब ऐसी कोई आएगी, तो हो जाएगी। दरअसल, सभी अच्छे हैं, फाल्ट मुझमें हैं। जब एक जाती है तो फाल्ट उनमें था, जब दूसरी जाती है तो फाल्ट उनमें ही है, तीसरी जाती है तो फाल्ट उनमें ही है, चौथी में थोड़ा सा डाउट आता है कि फाल्ट उनमें है या मुझमें है। पांचवें मामले में, यह 60:40 हो सकता था। लेकिन जब और ज्यादा जाने लगती हैं तो वो कंफर्म कर जाती हैं कि फाल्ट मेरा ही था। तो इसमें किसी का दोष नहीं था। ये बस मेरा ही दोष है, शायद ये एक फियर कि मैं उनको जिंदगी में वो सुख न दे पाऊं जो उनके दिमाग में है और मुझे यकीन है कि वे सब अपनी-अपनी जगह खुश हैं।

कब शादी करने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सलमान खान ने कहा- जब ऊपर वाला चाहेगा। शादी में दो लोगों की जरूरत पड़ती है। तो पहले ऐसा था कि नहीं हो रहा था। कभी मैंने हां किया तो किसी ने ना किया। कभी किसी ने हां किया तो मैंने ना किया। अब दोनों साइड से ही ना आ रहा है। जब दोनों साइड से हां आएगा तो हो जाएगी सर। लेकिन अभी इसमें वक्त है। 57 का तो हूं मैं। मैं चाहता हूं कि ये फर्स्ट एंड लास्ट हो मेरे लिए। मतलब एक बीवी होनी चाहिए।

कितने बच्चे हों? सलमान खान ने कहा बच्चे जितने हो सकते हैं होने चाहिए। ढेर सारे होने चाहिए। क्योंकि अभी हो जाते हैं एक या अगले 5-6 साल के अंदर, फिर मैं अभी भी उनके साथ 20 -25 साल और खेल सकता हूं। इसे कहते हैं समर्पण, निरंतरता, दृढ़ता। आपके माता-पिता लंबे समय से अपने घर में बहू का इंतजार करने के बारे में पूछे जाने पर सलमान ने कहा- अभी क्या बताएं वो तो प्लान था, बहू का नहीं था बच्चे का था लेकिन वो लॉ (कानून) के हिसाब से हिन्दुस्तान में हो नहीं सकता तो देखेंगे फिर क्या करें, कैसे करें। सलमान खान ने 'करण अर्जुन' के सेट का एक किस्सा सुनाया, जब उन्होंने एक बार शाहरुख खान पर गोली चला दी थी। सलमान ने कहा, 'शूटिंग के दौरान खाली गन्स होती हैं तो मैंने हमारे एक्शन डायरेक्टर भीकू वर्मा से खाली गन मंगवा ली। वहां पर एक पार्टी चल रही थी, तो राजस्थानी फॉक डांसर्स भी वहां पर थे। मैंने शाहरुख़ को बोला कि मैं तुझे डांस के लिए बुलाऊंगा लेकिन तू मना करना। मैं वापिस से बुलाऊंगा तो थोड़ा हाथापाई होगी हमारे बीच में और ये खाली गन हैं, मैं तुझको दूर से गोली मार दूंगा और तू गिर जाना। शाहरुख ने कहा कि उसका मूड नहीं है, वह थका हुआ है। मेरा भाई सोहेल वहां था।

"मैंने शाहरुख का हाथ खींचा, उसने मेरा हाथ झटक दिया। उसने मुझे धक्का मारा , मैंने उसको धक्का मारा और तू-तू-में-में हुई और मैंने बंदूक निकालकर उसको गोली मारी और शाहरुख पलटी मारकर गिर पड़ा। "मैंने फिर से 3-4 शॉट दागे, और सब लोग हंसने लगे। मुझे लगता है कि शाहरुख इंडस्ट्री के सबसे अच्छे कलाकार हैं। यह कहने की जरूरत नहीं है। यह परफॉर्मेंस अर्जुन के परफॉर्मेंस से काफी बेहतर थी। हर कोई आश्वस्त था और कई लोग सेट से भागने की कोशिश कर रहे थे। यह एक अच्छा अनुभव था।"

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News