वार्षिक राशिफल 2023



--डॉ. इंद्र बली मिश्रा,
काशी हिंदू विश्वविद्यालय,
वाराणसी - उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राशि के आधार पर नया वर्ष आप सब के लिए क्या संकेत दे रहा है जैसे कि- नए वर्ष में करियर कैसा रहेगा? वित्तीय मामलों में आपके पास पैसे आएंगे या खर्च का बोझ बढ़ेगा? ग्रहों की चाल से आपका भाग्योदय होगा कि नहीं? इन सभी बातों पर एक विशेष चर्चा।

● मेष - दशम भाव के स्वामी शनि जनवरी माह में कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे जोकि कॅरियर के मामले में कुछ नई उपलब्धियां और आमदनी में बढ़ोतरी का संकेत दे रहा हैं। राहु और केतु का गोचर कार्यक्षेत्र में होने वाली धोखाधड़ी और परेशानियों से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। नौकरी में पदोन्नति के योग की प्रबल संभावनाएं इस वर्ष बनने और कार्य में सक्रियता और महत्वपूर्ण निर्णय लेने का सबसे शुभ समय अप्रैल के बाद होगा, जब देवगुरू बृहस्पति आपकी राशि पर गोचर करेंगे, जबकि वहीं नवंबर और दिसंबर का महीना आपकी ऊर्जा को धीमा कर सकता है।

● वृषभ - वर्ष के शुरूआत में शनि आपकी राशि के दशम में रहने वाले हैं, जिसके चलते आपके कार्य मेहनत का पूरा फल मिलेगा। यह वर्ष वृषभ राशि के जातकों के लिए एक अच्छा वर्ष होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि बृहस्पति अप्रैल तक आपके ग्यारहवें भाव में रहेंगे जिसके फलस्वरूप आप अपने कार्यस्थल में बहुत लाभ कमा सकते हैं। मई के बाद का समय सेहत के दृष्टिकोण से आपके लिए अच्छा रहेगा। आपको दैनिक व्यवस्था विकसित करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि शनि की अष्टम भाव पर दृष्टि आपको अचानक कोई परेशानी दे सकती है। शनि लाभ भाव में अपनी मूलत्रिकोण राशि में आपको धन आगमन की नयी संभावनाएं बनाएंगे।

● मिथुन - इस साल आपको कैरियर के क्षेत्र में कई अवसर मिल सकते हैं। व्यवसाय के क्षेत्र से जुड़े जातक इस वर्ष बड़े लाभ की उम्मीद कर सकते हैं। ढैय्या का अंत होगा। इस बदलाव से आपके रास्ते की बाधाएं दूर होंगी, और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। राहु और केतु का गोचर उदर संबधी परेशानी दे सकता हैं अत नियमित रूप से चिकित्सक की सलाह लें साथ में योग व्यायाम और ध्यान भी करते रहें। वर्ष की शुरुआत में शनि देव आपके भाग्य स्थान में गोचर करेंगे। इससे आपको धन लाभ होगा इस स्थिति में आपको अत्यधिक चिंतन को छोड़कर कार्य पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत होगी। आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

● कर्क - राहु और केतु का गोचर पहले से ही कुछ परिवर्तन की संभावनाएं दे रहा है। इस वर्ष स्वास्थ्य के मामले में आपको कुछ विशेष ध्यान देने की जरूरत रहेगी। 17 जनवरी से शुरू हो रही शनि की ढैया कुछ मानसिक तनाव देगी। शनि की द्वितीय भाव पर दृष्टि कुछ कुटुंब के मामलों में विवाद के कारण आपका स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। अष्टम भाव में शनि का गोचर वैसे तो बहुत निराशाजनक नहीं है लेकिन कुछ अचानक से होने वाली बीमारियां आपको परेशान कर सकती हैं। आर्थिक दृष्टिकोण से यह वर्ष अच्छा रहेगा। अष्टम भाव में शनि कुछ अचानक से होने वाले धन लाभ की तरफ संकेत कर रहे हैं।

● सिंह - यह वर्ष करियर के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहेगा। दशम भाव से दशम भाव पर स्थित राशि स्वामी शनि जो कि 17 जनवरी से आपकी सातवें भाव पर गोचर करेंगे। व्यापारिक व्यवस्थाओं के लिए नई योजनाओं को साकार करने में आपकी बहुत मदद करेंगे। अप्रैल के बाद देव गुरु बृहस्पति का गोचर मेष राशि यानी आपके भाग्य भाव में होगा। देवगुरु बृहस्पति आपके व्यापार और नौकरी में कुछ नई उपलब्धियों को मिलने का संकेत करते हैं। शनि का यह गोचर स्वास्थ्य संबंधित परेशानियों की समाप्ति का संकेत देता है। अष्टम भाव में स्वराशि के बृहस्पति किसी पुरानी स्वास्थ्य की समस्या से छुटकारा मिलने का संकेत करते हैं।

● कन्या - वर्ष के शुरुआत में शनि का कुंभ राशि में गोचर आपके करियर के मामले में अच्छा साबित होगा। प्रतिस्पर्धा में आपको विजय मिलेगी। आपको विदेशी संपर्कों से भी लाभ होगा और व्यापार में बढ़ोतरी के योग बनेंगे। नौकरीपेशा लोगों का मनचाही जगह पर इस वर्ष स्थानांतरण हो सकता है। आर्थिक जीवन में इस वर्ष कुछ सुधार की संभावना देखी जा रही है वैसे कन्या राशि के जातकों का आमदनी का स्तर हमेशा घटता बढ़ता रहता है। इस वर्ष आमदनी में कुछ नया इजाफा हो सकता है जो लोग शेयर मार्केट आदि बाजार में निवेश करते हैं उनके लिए यह वर्ष अच्छा साबित होगा।

● तुला - इस वर्ष शनि की ढैया से आपको छुटकारा मिलेगा और शनि एक योगकारक ग्रह के रूप में आपके लिए सहायक बनेंगे। स्वास्थ्य के मामले में या वर्ष कुछ बेहतर साबित होगा, चली आ रही मानसिक परेशानियों से इस वर्ष छुटकारा मिलेगा। यदि उदर के रोगों से संबंधित कुछ परेशानियां हैं तो उनसे आपको इस वर्ष राहत मिलेगी। छठे भाव में देवगुरु बृहस्पति का गोचर आपके अच्छे स्वास्थ्य का संकेत करता है किंतु अप्रैल के बाद स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतनी होंगी आर्थिक मामलों में यह वर्ष मिलाजुला फल देगा। यदि पीछे कहीं प्रॉपर्टी में कोई निवेश किया है तो इस वर्ष उससे लाभ मिल सकता है।

● वृश्चिक - वर्ष के शुरुआत से ही महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर लेने की सलाह दी जाती है। अगर कोई महत्वपूर्ण फैसले लेने हैं तो उन्हें कुछ समय के लिए टाल दें। संतान से संबंधित चिंताएं इस वर्ष दूर होंगी। अगर उनकी उच्च शिक्षा के लिए प्रयासरत हैं तो उसमें आपको सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य के नजरिए यह वर्ष राहु और केतु के गोचर के कारण स्वास्थ्य संबंधित कुछ परेशानियां दे सकता है। शनि की ढैया भी मानसिक रूप से आपको वर्ष के प्रारंभ से ही कुछ परेशान करती रहेगी। अप्रैल के बाद देव गुरु बृहस्पति का गोचर छठे भाव में होने से स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां दूर होंगी। इस वर्ष उदर रोग से संबंधित बीमारियां आपको परेशान कर सकती हैं इसलिए खान-पान में विशेष ध्यान रखना चाहिए। आर्थिक मामलों में यह वर्ष बेहतर साबित होने वाला है। पूर्व में किए गए निवेश का फायदा इस वर्ष आपको मिलेगा। अगर कोई प्रॉपर्टी या मकान खरीदने का सोच रहे हैं तो स्वराशि के शनि आपके लिए सहायक सिद्ध होंगे।

● धनु - वर्ष के शुरुआत में ही शनि की साढ़ेसाती से छुटकारा मिलेगा एक सुखद संकेत है। नया वर्ष नई उपलब्धि, नई उम्मीदों के लिए जाना जाएगा। इस वर्ष आपको कार्य क्षेत्र में भरपूर सफलता मिलेगी। इस वर्ष आपको करियर के कई अच्छे अवसर प्राप्त हो सकते हैं। इस वर्ष स्वास्थ्य जीवन के लिए बहुत ही बढ़िया रहने का अनुमान है। शनि की साढ़ेसाती समाप्त होने से मानसिक चिंताएं दूर होंगी। जिससे स्वास्थ्य अच्छा रहेगा किन्तु राहु का गोचर पंचम भाव में कुछ उदर संबंधित परेशानियां दे सकता है।

● मकर - वर्ष की शुरुआत साढ़ेसाती के अंतिम चरण से हो रही है। 17 जनवरी को शनि जब कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे आपकी साढ़ेसाती का अंतिम चरण शुरू हो जाएगा। आपके लिए अच्छा संकेत है। उतरती हुई साढ़ेसाती आपको कैरियर में कुछ अच्छे संकेत देगी। साढ़ेसाती का अंतिम चरण मानसिक रूप से आपको स्वस्थ रखेगा। जो मानसिक परेशानियां पिछले वर्ष थी इस वर्ष उनसे छुटकारा मिलेगा। उचित आहार और पर्याप्त नींद लेना फायदेमंद होगा। मई में वाहन सावधानी से चलाएं क्योंकि तेज गति से दुर्घटना हो सकती है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हैं तो बड़ी बीमारियों से निजात मिलेगी। शनि आपके दूसरे भाव में गोचर करेंगे और आपकी वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाएंगे।

● कुंभ - इस वर्ष कुंभ राशि के जातकों की आय में इजाफा हो सकता है। आप अनुशासित होकर अपने कार्यों को पूरा करेंगे। नए व्यापारिक समझौते होंगे। नए लोगों से मुलाकात होगी, जो आपके व्यापार को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। स्वास्थ्य को लेकर कुछ मानसिक परेशानियां इस वर्ष रहेंगी। छठे भाव के स्वामी चंद्रमा शनि से प्रभावित हैं इसलिए सर्दी से संबंधित बीमारियां आपको परेशान करेंगी। एलर्जी अस्थमा के रोगी विशेष रूप से ध्यान रखें। सेहत को सकारात्मक बनाए रखने के लिए निरंतर योगाभ्यास करें और अपने सोच को सकारात्मक दिशा में लगाएं, शनि की साढ़ेसाती अब कुछ स्वास्थ संबंधित मामलों में राहत प्रदान करेगी आर्थिक दृष्टिकोण से यह वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा अच्छा साबित होगा। वर्ष की शुरुआत से अप्रैल तक देवगुरु बृहस्पति दूसरे भाव में गोचर करेंगे, यह कुछ अचल संपत्ति में वृद्धि के योग बना रहे हैं।

● मीन - इस वर्ष करियर के मामले में सुखद परिणाम प्राप्त होने के अवसर मिलेंगे। राशि स्वामी देव गुरु बृहस्पति अप्रैल तक आपकी राशि में गोचर करेंगे। इसके साथ ही 17 जनवरी से शनि की साढ़ेसाती प्रारंभ हो जाएगा। इसलिए कार्य क्षेत्र में अब निर्णय सोच-समझकर लेने होंगे। वर्ष के प्रारंभ में शनि की साढ़ेसाती का आगमन कुछ मानसिक परेशानियां देगा। देवगुरु बृहस्पति का गोचर अप्रैल तक आपके स्वास्थ्य की रक्षा करेगा। अप्रैल के बाद कुछ स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां आपको हो सकती हैं। उदर रोग छाती से संबंधित रोग और दांतो से संबंधित परेशानी हो सकती है। आर्थिक मामलों में अप्रैल तक का समय खर्चे वाला साबित होगा। शनि का बारहवें भाव में गोचर वैसे तो कुछ अनावश्यक खर्च का संकेत नहीं करता लेकिन फिर भी कुछ खर्चे बने रहेंगे जो आपके बजट को बिगाड़ सकते हैं। अप्रैल के बाद आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

शुभ मंगलमय कामनाओं के साथ आप सबको 2023 की बहुत-बहुत हार्दिक शुभकामनाएं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News