--विजया पाठक (संपादक- जगत विज़न),
भोपाल - मध्य प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ प्रदेश सरकार को तथाकथित "रेपिस्ट मंत्री" कहने वाली महिला से पूछताछ कर मामले के तह तक जाना चाहिए
■ क्या नरोत्तम मिश्रा करेंगे अपने साथी मंत्री दत्तीगांव पर कार्यवाही?
■ बाहुबली मंत्री समर्थकों ने होटल में क्यों की तोड़फोड़
कहते हैं व्यक्ति को अपने कर्मों का हिसाब कभी ना कभी देना ही पड़ता है। यह बात बदनावर से विधायक और उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव को चरितार्थ करती है। कोई ढाई वर्ष पहले यह कांग्रेस पार्टी से विधायक हुआ करते थे, पर जब गद्दारी करके सरकार गिराई गई तो इन्होंने मंत्री पद की चाहत में गद्दार बनना स्वीकारा। ऐसे में इनका चरित्र का पहला अध्याय समझ आता है। अब दूसरे अध्याय में अनजाने में उद्योग मंत्री विवादों में फंस गए हैं। दरअसल दिनांक 07 दिसम्बर 2022 को एक युवती धार जिले के बदनावर की प्राची श्री रिसार्ट में एक नेता के लड़के के साथ रुकी थी। आईडी मांगने को लेकर होटल स्टाफ से युवती की बहस हो गई थी। युवती ने मंत्री दत्तीगांव को रेपिस्ट तक कह दिया था। साथ ही कहा था कि मंत्री आकर उसके पैर छुएगा। इस पूरे विवाद का वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में नजर आ रहा है कि युवती होटल स्टाफ को अपने मोबाइल में कुछ दिखाती है। इसके बाद स्टाफ बैकफुट पर आ जाता है और युवती से नरमी से पेश आने लगता है।
जैसा कि कथित वीडियो अनुसार जब युवती से होटल कर्मचारी ने एंट्री करने को बोला तो उसने जवाब दिया "राजवर्धन" कहां है, आगे और बोला कि राजवर्धन आयेंगे तो मुझे बात करना है और होटल किसका है, उस समय तो आईडी नहीं पूछी आप ओनर को बुलाइए। इनकी इस वार्तालाप से लगता है कि पूर्व में भी यह युवती इस रिसार्ट में रुक चुकी है और तब कोई आईडी या एंट्री नहीं कराई गई और तब इस युवती की भेंट रिसार्ट में राजवर्धन से हुई होगी। इसके बाद होटल स्टाफ ने पुन: एंट्री को बोला तो युवती बिफरकर बोली राजवर्धन अभी रोएगा। जब इस भाषा पर होटल कर्मचारी ने ऐतराज किया तो युवती बोली कि मंत्री होगा आपका, इस बार नहीं वोट दे पाएंगे, इस बार टिकिट भी नहीं मिलेगा। इसकी गारंटी मैं देती हूं। जब होटल कर्मचारी ने कहा कि बदनावर के सम्मानित व्यक्ति हैं, हमारे राजा साहब हैं ''वो''। तब युवती ने बड़ी चौंकाने वाली बात बोली कि "एक नंबर का रेपिस्ट है वो"। अब सवाल यह उठता है कि यह युवती कौन है, जिसने प्रदेश के उद्योग मंत्री पर संगीन आरोप लगा दिए। वीडियो से लगता है कि मंत्री और युवती पूर्व परिचित हैं। खैर पूर्व में इस रिसार्ट में जो भी हुआ हो वह उस युवती और राजवर्धन सिंह दत्तीगांव का निजी मामला है और इसे तूल नहीं देना चाहिए। पर अनजाने में युवती द्वारा मंत्री को रेपिस्ट कहना का क्या तात्पर्य है। इसकी जांच जरूरी है। आखिर एक नंबर का रेपिस्ट का मतलब क्या है और इसका शिकार कौन-कौन हुआ है। यह जांच बेहद जरूरी है। वैसे भी प्रदेश के गृहमंत्री इन सब मामलों में बड़े एक्टिव रहते हैं। प्रदेश के गृहमंत्री यूं तो हीरोईनों के कपड़े तक देख लेते हैं। विपक्षी दल के ऐसे मामले में त्वरित कार्यवाही करते हैं उनको सामने आकर इस मामले में भी जांच करानी चाहिए। इसके साथ जो भी मामले में दोषी हो, चाहे मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, युवती या जिन्होंने रिसार्ट में तोड़फोड़ की उन पर कार्यवाही करनी चाहिए। साथ में पूरी प्रेस बीफ्रिंग देनी चाहिए। यहां सवाल उठता है कि क्या नरोत्तम मिश्रा अपने साथी मंत्री दत्तीगांव पर कार्यवाही करेंगे। अन्य लोगों की तरह मंत्री के घर पर बुल्डोजर चलवा पायेंगे। वहीं ऐसे में अगर युवती कोई अनर्गल आरोप लगा रही है तो उस पर भी पुलिसियां कार्यवाही होनी चाहिए। पर बड़ा सवाल यह है कि अगर अनजाने में यह वीडियो बाहर आया तो प्राची श्री रिसार्ट और उनके मालिक पर एकाएक कार्यवाही क्यों होने लगी?